27 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीमच में लट्ठ के दम पर हो रही ट्रक चालकों से खुली वसूली

नयागांव चेकपोस्ट पर लट्ठ के दम पर खुलेआम अवैध वसूली

3 min read
Google source verification

नीमच

image

Mukesh Sharaiya

Nov 26, 2022

नीमच में लट्ठ के दम पर हो रही ट्रक चालकों से खुली वसूली

रईस खान, पीडि़त चालक

नीमच. नयागांव चेकपोस्ट प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य के लिए सोने का अंडा देने वाली जगह है। यहां आज भी खुलेआम लट्ठ के दम पर गरीब ट्रक चालकों से अवैधानिक रूप से वसूली हो रही है। कई बार मामले सार्वजनिक हो चुके हैं इसके बाद भी अवैध वसूली बदस्तूर जारी है। अब मामले कलेक्टर तक पहुंचा है तो उम्मीद है कुछ कार्रवाई होगी।

हर वाहन से होती है खुलेआम वसूली
नयागांव चेकपोस्ट अवैध वसूली का अड्डा बन चुका है। ऐसा की एक मामला आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों के सामने आया। पदाधिकारियों ने नयागांव के मध्य हाइवे पर वाहन चालकों से नयागांव परिवहन चेकपोस्ट पर हो रही अवैध वसूली के बारे में जानकारी ली। वाहन चालकों ने बताया की वर्तमान में ट्रक के टायरों की संख्या के मान से हर बार 400 से 5000 रुपए तक अवैधानिक रूप से वसूले जा रहे हैं। इस बारे में हमारी बात या शिकायत सुनने तक कोई तैयार नहीं रहता। अवैध वसूली का विरोध करते हैं तो वहां तैनात लठैत हमरे साथ गुंडागर्दी कर मारपीट तक पर आमादा हो जाते हैं। शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज करने की धमकी देते हैं। ऐसी घटनाएं वहां होना आम बात है।

वाहन ओके होने के बाद भी मैंने दिए 400 रुपए
मेवात हरियाणा से नयागांव चेकपोस्ट पहुंचे पीडि़त ट्रक ड्राइवर रईस खान ने बताया कि मैं गुडग़ांव हरियाणा से इंदौर जा रहा हूं। नयागांव चेकपोस्ट पर कम्प्यूटरीकृत तौल कांटे पर ओके रिपोर्ट मिली। ६ चक्का वाहन होने पर 70 रुपए की रसीद काटी गई। इसके बाद मैं वहां से बाहर निकलने के लिए एग्जिट गेट पर पहुंचा। वहां मुझे कहा गया कि पहले इस तोल पर्ची पर परिवहन विभाग की खिड़की से मोहर लगाकर लाओ, तभी बाहर जाने दिया जाएगा। मैं खिड़की पर पहुंचा तो पर्ची देखकर अंदर से बोले की 400 रुपए दे दो तुम्हारी गाड़ी में 6 चक्के हैं। मैंने कहा मेरे सभी कागज पूरे हैं। गाड़ी भी अंडरलोड है, फिर पैसे किस बात के। अंदर से आवाज आई कि क्या पहली बार आया है। तुझे मालूम नहीं की यहां बिना भेंट पूजा वाहन नहीं निकलता है। चल शाने चुपचाप पैसे निकाल और आगे जा। दूसरे सभी वाहन चालक भी पैसे दे रहे थे मैंने भी दे दिए। उन्होंने बिना पेपर देखे तौल पर्ची पर नीचे मोहर लगाकर कुछ लिखकर दिया। वो पर्ची लेकर एग्जिट गेट पर पहुंचा तो वहां मेरी तौल पर्ची से मोहर वाला हिस्सा फाड़कर एक डिब्बे में डाल दिया और मुझे बहार जाने का इशारा किया। रईस खान ने बताया कि मैं पूरे देश में घूमता हूं, लेकिन मध्यप्रदेश जैसा भ्रष्ट प्रदेश कहीं नहीं देखा।

करोड़ों रुपए की अवैध वसूली कहा जा रही
प्रदेश की 46 परिवहन चेकपोस्टों के साथ ही नयागांव चेकपोस्ट पर भी निरंतर वाहन चालकों से लठेतो के दम पर करोड़ों रुपए की अवैध वसूली हो रही है। प्रदेश के मुखिया शिवराज मामा, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय परिवहन मंत्री को हमने कई बार प्रमाणिक सबूतों के साथ शिकायतें की। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आश्चर्य तब होता है जब नयागांव चेकपोस्ट पर हो रही करोड़ों रुपए की अवैध वसूली की राशि जा कहा रही है इस बारे में विचार किया जाता है। इस बारे में कोई भी जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। सबकी चुप्पी ही अवैध वसूली को प्रमाणित करती प्रतीत होती है।
- नवीनकुमार अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता आम आदमी पार्टी

जांच कर कार्रवाई करने दिए निर्देश
हमें नयागांव के पोस्ट पर अवैध वसूली के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। हमने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित कर दिया है। शिकायत की जांच कर कार्रवाई करने को भी कहा है। इसके बाद भी अगर कोई कार्रवाई नहीं होती हैं तो हम राज्य शासन को इस संबंध में पत्र लिखेंगे।
- मयंक अग्रवाल, कलेक्टर