
निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर एक बार फिर दिल्ली में सियासत गरमा गई है।
CM Rekha Gupta: रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार 30 मई को दिल्ली में अपने सौ दिन पूरे करने जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि 31 मई को वह खुद दिल्ली सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करेंगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति और सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्योरा होगा। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी रेखा सरकार के 100 दिन पूरे होने से पहले ही उनपर हमलावर हो गई है। ऐसे में राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि 31 मई को पेश होने वाला रिपोर्ट कार्ड सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए एक नई बहस की शुरुआत कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा “हमारी सरकार ने इन सौ दिनों में निरंतर काम किया है। दिल्ली की जनता ने देखा है कि सरकार जमीनी स्तर पर सक्रिय रही है। 31 मई को हम जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे, जिसमें एक-एक काम का विवरण होगा।” सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा “हमने जो योजनाएं शुरू की हैं। जो वादे किए हैं। उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया है और अब हम जनता को इसका हिसाब देंगे।” उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यकाल के हर चरण को पारदर्शिता के साथ जनता के सामने रखे।
इस दौरान पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मानसून से पहले दिल्ली में जलभराव को लेकर भी एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा “दिल्ली में सालों से जलभराव की समस्या रही है, लेकिन इस बार रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बावजूद स्थिति नियंत्रण में रही। बारिश के बाद पानी समय पर निकाला गया और अधिकांश स्थानों पर एक घंटे के भीतर जल निकासी हो गई।”
रेखा गुप्ता ने दावा करते हुए कहा “इस साल दिल्ली में जितनी डीसिल्टिंग यानी गाद सफाई कराई गई है। वह अपने आप में ऐतिहासिक है। एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के सहयोग से तीस लाख मैट्रिक टन कूड़ा और गाद निकाली गई है। इसी कारण इस बार दिल्ली में जलभराव की स्थिति न्यूनतम रही।”
दिल्ली में रेखा सरकार के दावों पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सवाल खड़े किए हैं। बीते दिनों हुई बारिश के बाद 'आप' के कई नेताओं ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जलभराव की तस्वीरें और वीडियो साझा कर भाजपा सरकार को घेरा था। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने जल मंत्री प्रवेश वर्मा के पैतृक गांव का वीडियो साझा करते हुए तंज कसते हुए लिखा “मंत्री प्रवेश वर्मा जी आपके गांव में भी सड़कें पानी से लबालब हैं। यह है आपकी जल निकासी व्यवस्था का सच।” हालांकि इसपर मंत्री प्रवेश वर्मा या रेखा सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली की रेखा सरकार पर करारा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा “दिल्ली में बीजेपी की 4 इंजन की सरकार के संरक्षण में खुलेआम बिक रही जहरीली शराब और नशा। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि दिल्ली के मंडावली गांव में खुलेआम जहरीली शराब और नशा बेचा जा रहा था जिसे स्थानीय लोगों ने धर दबोचा। जिस शराब माफिया को केजरीवाल सरकार ने दिल्ली से ख़त्म कर दिया था, आज वो शराब माफिया बीजेपी सरकार में मंडावली गांव समेत दिल्ली के हर गली-मोहल्ले में जहरीली शराब बेच रहा है। बीजेपी सरकार बताए कि आख़िर इस अवैध शराब का पैसा किसकी जेब में जा रहा है?”
संबंधित विषय:
Updated on:
27 May 2025, 1:27 PM IST
Published on:
27 May 2025, 1:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.