
Fee Hike in Delhi: AAP नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार पर बोला हमला, सीएम रेखा गुप्ता बोलीं-हमारा विजन स्पष्ट…
Fee Hike in Delhi: दिल्ली में बुधवार को निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी मामले ने तूल पकड़ लिया। इसको लेकर शिक्षा विभाग के सामने अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षामंत्री आशीष सूद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। उधर इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने रेखा सरकार को घेर लिया है। दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, “दिल्ली सरकार बच्चों के भविष्य की चिंता नहीं कर रही, बल्कि उन लोगों को बचा रही है जो सरकार को चंदा देते हैं।”
मनीष सिसोदिया ने एक बयान में कहा, "दिल्ली में अब बच्चों को पढ़ाना माता-पिता के लिए एक डरावना सपना बन चुका है। स्कूलों में फीस की खुली लूट चल रही है और बीजेपी सरकार बेहिचक शिक्षा माफियाओं की ढाल बनी हुई है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट स्कूलों के हित में काम कर रही है, जबकि माता-पिता अपनी आवाज़ लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “यह सरकार बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को बेचकर सत्ता की दलाली में लगी है। शिक्षा व्यापार बन चुकी है और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।”
बुधवार को दिल्ली के पूर्व शिक्षामंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर लिखा “दिल्ली में माँ-बाप के लिए अपने बच्चों को पढ़ाना अब एक दुःस्वप्न बन चुका है। फीस की लूट चरम पर है, और बीजेपी सरकार बेशर्मी से शिक्षा माफिया की ढाल बनकर खड़ी है। माता-पिता सड़कों पर हैं और सरकार कॉरपोरेट स्कूलों की गोद में बैठी है। ये सरकार बच्चों के भविष्य को नहीं, चंदा देने वालों को बचा रही है। शिक्षा बिक रही है, और सत्ता दलाली में लिप्त है।”
दिल्ली में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में शिक्षा विभाग के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक एकत्र हुए और उन्होंने शिक्षा मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का वीडियो दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा किया है। इस बीच, मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के प्रतिष्ठित स्कूल क्वीन मैरी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने फीस वृद्धि और छात्राओं के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार को लेकर सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, आज आम आदमी पार्टी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने लिखा, "क्वीन मैरी स्कूल में कल CM रेखा गुप्ता ने कहा था कि स्कूल के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। वहां बच्चियों को दो दिन से स्कूल में बंद कर रखा गया था। लेकिन आज हालात ये हैं कि अब उन्हें स्कूल में प्रवेश तक नहीं दिया जा रहा है।" AAP ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब स्कूलों को मुख्यमंत्री और सरकार का भी डर नहीं रह गया है, तो फिर आम लोगों की आवाज कौन सुनेगा? पार्टी ने आरोप लगाया कि शिक्षा माफिया के सामने सरकार पूरी तरह नतमस्तक है और अभिभावकों की चिंताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
दूसरी ओर एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की भाजपा सरकार का विजन स्पष्ट किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा “दिल्ली की जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद कर रही है- गड्ढा-मुक्त सड़कें, जलभराव और सीवर से राहत, स्वच्छ पेयजल और कम प्रदूषण। पिछली सरकार की विफलताओं ने हमें न केवल कमियां दिखाईं, बल्कि उन्हें सुधारने का अवसर भी दिया। हमारा विज़न स्पष्ट है। एक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुगम दिल्ली, जहाँ हर नागरिक गरिमा और सुविधा के साथ जीवन जी सके।”
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा “मैं दिल्ली की तकलीफों को समझती हूं। हर चिंता, हर उम्मीद मेरे दिल के बेहद करीब है। मेरी नीयत भी स्पष्ट है और नीति भी पारदर्शी है। दिल्ली की जनता की अपेक्षाएं ही मेरी दिशा हैं। दिल्ली की जनता की आशाएं ही मेरी प्रेरणा हैं। मेरे लिए देशभर की चर्चाओं से कहीं अधिक दिल्ली के लोगों की राय, आवाज़ और विश्वास सर्वोपरि हैं। हमारी सरकार 24 घंटे और सातों दिन दिल्ली के लोगों की बेहतरी के लिए काम करने में जुटी है।”
संबंधित विषय:
Updated on:
16 Apr 2025, 9:02 PM IST
Published on:
16 Apr 2025, 5:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.