
AI Impact Summit: आपने हॉलीवुड की फिल्मों में उड़ने वाली टैक्सी देखी होगी। कुछ विशेष लोग एक जगह से दूसरी जगह पर जाने के लिए इसका प्रयोग करते हैं। लेकिन अब GFX वाली फिल्म नहीं बल्कि वास्तव में इस टैक्सी का प्रयोग भविष्य में भारत के लोग करने वाले हैं। कह सकते हैं कि इसको लॉन्च करने के बाद से लोगों को घंटों की ट्रैफिक से आजादी मिल सकती है। दरअसल, भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई समिट में एक ऐसी उड़ने वाली टैक्सी दिखाई दी गई, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई समिट में हॉल नंबर चार में भीड़ के बीच एक छोटी, हल्की और पूरी तरह बिजली से चलने वाली हवाई टैक्सी का मॉडल प्रदर्शित किया गया। बनाने वाली कंपनी का दावा है कि इस टैक्सी के प्रयोग से लोग घंटों की जाम से बच सकते हैं। वहीं, स्टॉल पर मौजूद कंपनी की ब्रांड और डिजाइन एसोसिएट अनुष्का यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हवाई टैक्सी ट्रैफिक जाम में फंसी एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं के लिए भी कारगर साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस हवाई टैक्सी को खास तौर पर उन यात्रियों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है, जिन्हें शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक कम समय में पहुंचना होता है। अनुष्का के मुताबिक, आने वाले समय में इसका इस्तेमाल न सिर्फ यात्री परिवहन बल्कि आपातकालीन सेवाओं और माल ढुलाई के लिए भी किया जा सकता है।
यह हवाई टैक्सी पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है, क्योंकि इससे किसी तरह का धुआं या प्रदूषण नहीं निकलता। कम जगह में उड़ान भरने और उतरने की क्षमता के कारण यह शहरी इलाकों के लिए बेहद उपयुक्त मानी जा रही है। तेज रफ्तार के चलते यात्रियों को कम समय में सफर पूरा करने में मदद मिलेगी, और सबसे बड़ी बात यह है कि इससे सड़क पर लगने वाले जाम से पूरी तरह राहत मिल सकेगी।
इस उड़न वाहन को जमीन पर उड़ान और लैंडिंग के लिए केवल 8 × 10 मीटर के छोटे से क्षेत्र की जरूरत होती है। एक बार चार्ज होने पर यह करीब 110 किलोमीटर तक की उड़ान भर सकती है, जबकि इसकी अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। क्षमता की बात करें तो इसमें 1 पायलट और 2 यात्री या फिर 200 किलोग्राम तक का वजन आसानी से ले जाया जा सकता है।
यह आधुनिक हवाई टैक्सी एक निजी टेक्नोलॉजी कंपनी द्वारा विकसित की गई है, जिसे भविष्य की शहरी परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि आने वाले समय में यह तकनीक यात्री परिवहन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं और माल ढुलाई में भी अहम भूमिका निभाएगी।
Published on:
19 Feb 2026 12:30 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
India AI Impact Summit 2026
