
AIMIM: मुस्लिमों का रमजान के पाक महीने की शुरुआत हो चुकी है। अब एक महीने रोजा रखने और अल्लाह की इबादत करने के बाद ईद का त्योहार मनाया जाएगा। पहले रोजा के दिन ही ओवैसी की पार्टी AIMIM ने मांग की है कि दिल्ली में रमजान के दौरान सभी शराब की दुकानें बंद की जाएं। इसके पीछे का तर्क दिया है कि सावन में भी नॉनवेज की दुकानों को बंद कराया जाता है।
आपको बता दें कि AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शोएब जमई ने एक्स पर ट्वीट किया है और उन्होंने दिल्ली सरकार से अपील की है कि रमजान के दौरान राजधानी में सभी शराब की दुकानों को बंद किया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर शराब की बिक्री व खपत पर सख्त पाबंदी लगाई जाए। उनका कहना है कि जिस तरह सावन के महीने में नॉनवेज दुकानों को बंद कर धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाता है, उसी तरह रमजान के पवित्र महीने में भी मुस्लिम समुदाय की आस्था और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे धार्मिक समानता और आपसी सौहार्द से जोड़ते हुए सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मुस्लिम समुदाय को रमजान के पवित्र महीने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “रमजान मुबारक। यह पवित्र महीना हमारे समाज में एकता की भावना को और मजबूत करे। हर तरफ शांति और खुशहाली का माहौल बने।” प्रधानमंत्री के इस संदेश को आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला बताया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रमजान के पवित्र महीने की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “रमजान मुबारक। यह महीना सभी के लिए शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता है।” राहुल गांधी के इस संदेश को भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया जा रहा है।
Updated on:
19 Feb 2026 10:57 am
Published on:
19 Feb 2026 10:57 am
