18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली पुलिस में ऐसा बदलाव पहली बार! न समारोह, न पहले से सूचना; सीधे पहुंचे नए कमिश्नर

Delhi Police Commissioner Anurag Kumar: दिल्ली पुलिस में अचानक बड़ा बदलाव हुआ है। बिना किसी बड़ी औपचारिक तैयारी के अनुराग कुमार ने नए पुलिस कमिश्नर के तौर पर कार्यभार संभाल लिया। सतीश गोलचा की जगह हुई इस नियुक्ति से पुलिस मुख्यालय में भी हलचल देखने को मिली।
2 min read
Google source verification
Delhi Police Commissioner Anurag Kumar

दिल्ली पुलिस कमिश्नर की कमान संभालते अनुराग कुमार, सतीश गोलचा से मिला कार्यभार। फोटो सोर्स-IANS

Delhi Police Commissioner Anurag Kumar:दिल्ली पुलिस में शुक्रवार को ऐसा बदलाव देखने को मिला, जिसने पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी चौंका दिया। आमतौर पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर की कुर्सी बदलने की प्रक्रिया पहले से तय होती है। नए अधिकारी के स्वागत से लेकर गार्ड ऑफ ऑनर और औपचारिक कार्यक्रमों तक की तैयारी पहले ही शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार पूरा घटनाक्रम अचानक हुआ।

1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त करने का आदेश जारी हुआ। खास बात यह रही कि आदेश आने के कुछ ही समय बाद वह पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। यहां तक कि मुख्यालय में मौजूद कई अधिकारियों को भी उनके आने की पहले से जानकारी नहीं थी।

कुछ घंटों में बदल गया समीकरण

उस समय तक निवर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा अपने नियमित कामकाज में जुटे हुए थे। सुबह करीब 10:40 बजे वह दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा और अन्य अधिकारियों के साथ रिज इलाके में पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल थे। आदेश जारी होने के बाद वह वापस पुलिस मुख्यालय पहुंचे और अपने कार्यालय में जरूरी काम पूरे किए।

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य तौर पर नए पुलिस कमिश्नर के आने से पहले पूरा कार्यक्रम तय होता है। मीडिया को सूचना दी जाती है, पुलिस बैंड को बुलाया जाता है और गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की जाती है। लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। नए कमिश्नर के आने तक मुख्यालय में भी तैयारियां नजर नहीं आईं।

कुर्सी बदली, जिम्मेदारी सौंपी गई

दोपहर के आसपास अनुराग कुमार पुलिस मुख्यालय पहुंचे। अचानक हुए इस घटनाक्रम के कारण कई अधिकारी तुरंत अपने कार्यालयों से बाहर आए और नए पुलिस प्रमुख का स्वागत किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच औपचारिक मुलाकात हुई। सतीश गोलचा ने परंपरा के अनुसार अनुराग कुमार को कमान सौंपी और जिम्मेदारी हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

इसके बाद अनुराग कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं सतीश गोलचा ने भी पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर विदाई ली और मुख्यालय से रवाना हो गए।

दिल्ली पुलिस में कमिश्नर पद पर बदलाव आमतौर पर एक तय प्रक्रिया के तहत होता है, लेकिन इस बार जिस तरह अचानक फैसला सामने आया और नए कमिश्नर ने तुरंत कार्यभार संभाला, उसने पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज कर दी है। अब सभी की नजर नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की कार्यशैली और आने वाली प्राथमिकताओं पर रहेगी।