
Tarun murder case:दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए तरुण हत्याकांड की आग अभी धधक रही है। दरअसल, इस हत्याकांड में तरुण के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए लोगों के अंदर आक्रोश दिखाई दे रहा है। इसके साथ, आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक तरुण को इंसाफ नहीं मिल जाता है, तब तक हम आवाज उठाते रहेंगे।
आपको बता दें कि बीते रविवार को उत्तम नगर के अयप्पा पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के लोगों और कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभा के दौरान सभी ने मिलकर तरुण की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस मामले में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ सामूहिक आवाज उठाना समय की मांग है। उन्होंने कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को पीड़ित परिवार के प्रति अटूट समर्थन और न्याय की पुकार का प्रतीक बताया। बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के बीच प्रदर्शनकारी राहुल गुप्ता ने संकल्प दोहराया कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिल जाती, कानूनी और आर्थिक स्तर पर न्याय की यह लड़ाई जारी रहेगी। सभा के समापन पर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर तरुण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
Updated on:
16 Mar 2026 01:12 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:12 pm
