
Delhi Assembly Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आप सरकार ने महिला सम्मान योजना को कैबिनेट से मंजूरी दिलवाई। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि चुनाव के बाद महिलाओं के खाते में 21 रुपये हर महीने इस योजना के तहत भेजे जाएंगे। इसके बाद दिल्ली सरकार के ही दो विभागों ने विज्ञापन जारी कर बताया कि दिल्ली में महिला सम्मान और संजीवनी योजनाएं अभी तक आधिकारिक रूप से लागू नहीं की गई हैं। इसको लेकर भाजपा, कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को झूठा बताया। इसपर अरविंद केजरीवाल ने अब फर्जी केस में दिल्ली की सीएम आतिशी की गिरफ्तारी की आशंका जताई है। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि भाजपा आप नेताओं के घरों में छापेमारी की योजना बना रही है। आइए विस्तार से समझते हैं पूरा मामला…
दरअसल, 12 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल ने सार्वजनिक रूप से महिला सम्मान योजना की घोषणा की थी। इसमें बताया गया था कि सीएम आतिशी की कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दे दी है। साथ ही अधिसूचित भी कर दिया गया है। इसमें फौरी तौर पर महिलाओं को 1000 रुपये मासिक सहायता देने की बात कही गई। जबकि चुनाव के बाद इस राशि को बढ़ाकर 21 सौ रुपये करने का दावा किया गया था। इसके लिए 13 दिसंबर से ही रजिस्ट्रेशन शुरू करने की बात कही गई थी।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था "सीएम आतिशी के नेतृत्व वाली दिल्ली कैबिनेट ने महिला सम्मान योजना को मंजूरी दे दी है। महिलाएं शुक्रवार से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं। अगर आम आदमी पार्टी 2025 में भी चुनाव जीतती है तो इस योजना की राशि बढ़ाकर 21 सौ रुपये कर दी जाएगी। दिल्ली कैबिनेट ने इस योजना को अधिसूचित कर दिया है। 18 साल से ज्यादा उम्र की वही महिलाएं और बेटियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। जो 12 दिसंबर 2024 तक दिल्ली की वोटर बन चुकी हैं।"
24 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 60 साल से ऊपर की उम्र वाले बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना लागू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत लाभार्थी बुजुर्गों को सभी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की बात कही गई। इसके साथ ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से दोनों योजनाओं के लिए लोगों का रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया। इसी बीच 25 दिसंबर को दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अखबारों में नोटिस का विज्ञापन दिया गया।
दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर दिए विज्ञापन में लिखा है "दिल्ली सरकार को मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि एक राजनीतिक पार्टी दिल्ली में महिलाओं को 2100 रुपये हर महीने देने का दावा कर रही है, लेकिन ये स्पष्ट किया जाता है कि इस तरह की किसी स्कीम के बारे में विभाग को सूचित नहीं किया गया है। यदि ऐसी कोई योजना अधिसूचित की जाती है तो महिला एवं बाल विकास विभाग दिल्ली सरकार पात्र व्यक्तिओं के लिए एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च करेगा। यह नोटिस दिल्ली महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त निदेशक की ओर से जारी किया गया है।"
दूसरी ओर दिल्ली सरकार के परिवार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव ने सार्वजनिक सूचना जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। इसमें बताया गया "सरकार के पास आज तक कोई ऐसी कथित 'संजीवनी योजना' अस्तित्व में नहीं है। योजना के तहत लाभ प्रदान करने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत विवरण न दें। अनजाने में किसी भी दस्तावेज पर अपना हस्ताक्षर या अंगूठा न लगाएं। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्ग नागरिकों का डाटा एकत्रित करने के लिए किसी भी अधिकारी को नामित नहीं किया है। साथ ही विभाग की ओर से कोई कार्ड बांटा नहीं जा रहा है।"
दिल्ली सरकार के दो विभागों के सार्वजनिक नोटिस के बाद भाजपा ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "हम लगातार डिजिटल फ्रॉड की बात सुनते हैं। अब समझ में भी आ रहा है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को डिजिटल फ्रॉड की दिशा में लेकर जा रहे हैं। दिल्ली में आप की सरकार है। इसके बावजूद जनता को योजनाओं के नाम पर सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है। महिला सम्मान योजना जैसा कुछ है ही नहीं। संजीवनी नाम की भी कोई योजना कैबिनेट के पास नहीं गई है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को गुमराह कर ठग रहे हैं।"
दूसरी ओर भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा "आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल बहुत बड़े धोखेबाज हैं। एक तरफ जब वे लोगों से योजनाओं के नाम पर फॉर्म भरवा रहे हैं। दूसरी ओर तभी उनके ही विभाग योजनाओं की जानकारी से इनकार कर रहे हैं। साथ ही किसी को भी अपना निजी डाटा देने से मना कर रहे हैं। विभाग ने योजना के नाम पर दिल्ली में फॉर्म भरवाने वालों को निजी कंपनी का बताया है। जो अवैध रूप से डेटा इकट्ठा करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ऐसे में जनता के सामने अरविंद केजरीवाल की सच्चाई आ चुकी है।"
दिल्ली में सरकारी नोटिस जारी होने के बाद इन योजनाओं पर अरविंद केजरीवाल चौतरफा घिरते दिख रहे हैं। दिल्ली सरकार के नोटिस पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा "पहले भी हमने इस योजना पर सवाल उठाए थे। दिल्ली में आप की सरकार है। जब आप वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजेंगे तो पैसा जारी कर दिया जाएगा। यह धोखाधड़ी है। ऐसा लगता है अरविंद केजरीवाल ने योजनाओं के पंजीकरण के नाम पर लोगों का डेटा एकत्रित करने का नया तरीका निकाला है।"
दिल्ली में योजनाओं के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा को जवाब दिया है। संजय सिंह ने कहा "ये केजरीवाल की गारंटी है कि चुनाव जीतने के बाद 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क इलाज मिलेगा। इसके अलावा महिला सम्मान योजना के रूप में 2100 रुपए हर महिला को उनके खाते में दिए जाएंगे। इसमें गलत क्या है? भाजपा ने जिन अधिकारियों पर दबाव बनाकर ये नोटिस निकलवाया है। उनके खिलाफ आप सरकार कार्रवाई करेगी। हम अपनी योजना जारी रखेंगे। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।"
दिल्ली सरकार के विभागों के नोटिस पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सीएम आतिशी की गिरफ्तारी की आशंका जताई है। अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया 'X' अकाउंट पर लिखा "महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गए हैं। अगले कुछ दिनों में फ़र्ज़ी केस बनाकर आतिशी जी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है। उसके पहले 'आप' के सीनियर नेताओं पर रेड की जाएंगी।"
संबंधित विषय:
Updated on:
25 Dec 2024 01:40 pm
Published on:
25 Dec 2024 01:40 pm
