
दिल्ली विधानसभा की फोटो
Bomb threat Delhi Assembly: राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी धमकी से दहल उठी है। दिल्ली विधानसभा, विधानसभा मेट्रो स्टेशन और विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) विजेंद्र गुप्ता को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। इस धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और विधानसभा परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा से जुड़े आधिकारिक तंत्र को अलग-अलग समय पर दो धमकी भरे ईमेल मिले। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया, जबकि दूसरा सुबह 7:49 बजे सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की निजी ईमेल आईडी पर भेजा गया। इन संदेशों में विधानसभा भवन के साथ-साथ पास स्थित विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
इस धमकी भरे ईमेल की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसमें देश और दिल्ली के कई शीर्ष नेताओं के नामों का उल्लेख किया गया है। ईमेल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू का नाम शामिल है। इसके अलावा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को लेकर भी आपत्तिजनक या धमकी भरे संदर्भ दिए गए हैं।
धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने विधानसभा परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। वहीं विधानसभा मेट्रो स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इस बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर यूनिट ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं, ताकि यह पता चल सके कि संदेश किस जगह और किस सर्वर से भेजे गए। शुरुआती जांच में मामले को शरारती हरकत और संभावित बड़ी साजिश दोनों एंगल से देखा जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और किसी भी प्रकार की धमकी से डरा नहीं जा सकता। फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
Published on:
24 Mar 2026 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
