
दिल्ली में मांस-मछली पर सियासत के बीच पुलिस की एंट्री, BJP-TMC आमने-सामने, 'आप' ने भाजपा को बताया जिम्मेदार
CR Park in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी के चित्तरंजन पार्क (CR Park) में मांस-मछली विक्रेताओं को धमकी देने के मामले ने सियासी रंग ले लिया है। AAP-TMC ने दिल्ली की रेखा सरकार को इसका जिम्मेदार ठहराया है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा के इशारे पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दोनों पार्टियों के उन नेताओं को गिरफ्तार करने की मांग की है। जो गलतबयानी से इस मामले को तूल देने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने सोशल मीडिया पर वायरल धमकी देने वाले वीडियो को 'एडिटेड' बताया है। इस सबके बीच इस मामले में पुलिस की भी एंट्री हो गई है। मामले की जांच के लिए बाजार क्षेत्र में सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ताकि किसी हाल में शांति व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।
चित्तरंजन पार्क (CR Park) की मार्केट नंबर 1 को दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने विकसित किया था। हालांकि अब यह दिल्ली नगर निगम के अधीन है। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दुकानदारों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले दो लोगों के साथ उनका मौखिक विवाद हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि यह बाजार काली मंदिर के निर्माण से भी पहले से मौजूद है और यहां के कई दुकानदारों ने मंदिर के निर्माण में आर्थिक सहयोग भी दिया था।
मछली दुकान के मालिक दिव्येंदु दास ने कहा, "मेरे पिता ने 1984 में यह दुकान खोली थी, और तब से हम बिना किसी परेशानी के अपने व्यवसाय को चला रहे थे। लेकिन इन दो लोगों ने यह दावा करना शुरू कर दिया कि हम मंदिर के पास मछली बेचकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। यह बात बिल्कुल गलत है, क्योंकि मछली बंगाली संस्कृति का अहम हिस्सा है।" विक्रेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनसे अपनी दुकानें अन्य स्थानों पर ले जाने का दबाव डाला।
एक अन्य मछली विक्रेता जॉय दीप दास ने बताया "इन लोगों ने कहा कि अगर तुम अपनी दुकानें यहां से नहीं हटाओगे, तो हम 100 लोगों को बुलाकर बाजार के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।" मांस और मछली विक्रेताओं ने दावा किया कि उनके पास सभी जरूरी प्रमाण पत्र हैं और उन्होंने कभी पहले इस तरह की समस्याओं का सामना नहीं किया। काली मंदिर के पुजारी संजीव भट्टाचार्य ने भी इस धमकी पर हैरानी जताई है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें भगवा कुर्ता पहने दो लोग मछली और मांस विक्रेताओं से सवाल कर रहे थे और उन्हें धमकियां दे रहे थे। हालांकि, पुलिस ने वीडियो को 'पुराना' बताया है और उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। इसके बाद मंगलवार रात से दिल्ली पुलिस ने बाजार के पास कर्मियों को तैनात कर दिया। बुधवार को सादे कपड़ों में तीन से चार पुलिसकर्मियों को तैनात देखा गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया में हैं। मामले की जांच जारी है।" डीसीपी (दक्षिण) अंकित चौहान ने कहा कि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है क्योंकि पुलिस को अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा पर दिल्ली में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। दिल्ली बीजेपी इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा “महुआ मोइत्रा ने टीएमसी के आंतरिक मुद्दों से ध्यान हटाने या फिर खबरों में बने रहने के उद्देश्य से दिल्ली में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास किया है। वीडियो में दिखाए गए मछली बाजार पिछले छह दशकों से कानूनी रूप से चल रहे हैं और अधिकांश विक्रेता हिंदू हैं, जो स्वच्छता मानकों का पालन करते हैं और स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। कई विक्रेता बीजेपी समर्थक हैं। भाजपा मछली विक्रेताओं के साथ खड़ी है।”
वहीं ग्रेटर कैलाश से भाजपा विधायक शिखा रॉय ने कहा “सीआर पार्क सांस्कृतिक सद्भाव का प्रतीक है। खासकर दुर्गा पूजा के दौरान यहां दिल्ली और बंगाल की सांस्कृतिक झलक दिखती है। इस प्रतिष्ठा को धूमिल करने की अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को नहीं दी जाएगी। मछली बाजार कानूनी रूप से चल रहा है। यह समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बीजेपी ने पुलिस से वीडियो बनाने वालों को गिरफ्तार करने और टीएमसी सांसद के खिलाफ जांच करने का आग्रह किया है। दिल्ली में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का यह एक सनसनीखेज और निराधार प्रयास है। जिसका उद्देश्य सिर्फ सांप्रदायिक तनाव पैदा करना है।”
Updated on:
10 Apr 2025, 11:51 AM IST
Published on:
10 Apr 2025, 11:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.