
प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi double murder case: हाल ही में दिल्ली के द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना क्षेत्र में एक फ्लैट के अंदर दो सगे भाइयों की मौत हुई थी, जिसकी वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और 48 वर्षीय अमित के रूप में हुई। शुरुआत में यह मामला संदिग्ध था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी तो यह एक सोची-समझी साजिश निकली। दिल्ली पुलिस ने इस डबल मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। सबूतों के आधार पर पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए देवेंद्र कुमार के बेटे ईश्वर को हिरासत में ले लिया है।
शुरुआती जांच में शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं थे, जिससे यह मामला और उलझ गया था। लेकिन पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट सामने आने पर सच्चाई सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भाइयों की मौत गंभीर अंदरूनी चोटों और मारपीट के कारण हुई थी। इससे यह साफ हो गया था कि यह कोई सामान्य मौत नहीं थी बल्कि एक हिंसक वारदात थी। पुलिस ने इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे पड़ोसियों ने घर से झगड़े की आवाजें सुनीं और इसकी सूचना दी। मकान मालिक नरेश कुमार जब मौके पर पहुंचे, तो दरवाजा ईश्वर ने खोला और उस समय मामला शांत करा दिया गया। हालांकि अगले दिन जब घर के अंदर देवेंद्र और अमित की लाशें मिलीं, तो सभी हैरान रह गए। इस बीच ईश्वर वहां से गायब था, जिससे उस पर शक और गहरा गया।
पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी वारदात के पीछे पैसों और नौकरी का लालच सबसे बड़ी वजह था। देवेंद्र कुमार ईएसआईसी में कार्यरत थे और उनके पीएफ खाते में करीब 50 लाख रुपये जमा थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह बात कही थी कि उनकी मृत्यु के बाद यह रकम और अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी उनके बेटे ईश्वर को मिल सकती है। इसी लालच में आकर ईश्वर ने अपने पिता और चाचा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पूछताछ में सामने आया कि घटना वाली रात ईश्वर ने शराब पी रखी थी। उसी समय उसका अपने पिता और चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उस छोटे से झगड़े ने ही इतनी बड़ी वारदात का रूप ले लिया। गुस्से में आकर ईश्वर ने उन दोनों के साथ मारपीट कर दी। गुस्से और नशे में ईश्वर ने उन दोनों को इतना पीटा कि उनकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस उससे और जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Updated on:
08 Apr 2026 12:32 pm
Published on:
08 Apr 2026 12:32 pm
