
दिल्ली के द्वारका में 3 बच्चों के शव मिलने से सनसनी (Photo: IANS/File)
देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स परिसर में तीन बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, द्वारका के सेक्टर 23 पुलिस स्टेशन में सुबह लगभग सात बजे एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें गोल्फ कोर्स परिसर के अंदर तीन बच्चों के डूबने की सूचना दी गई थी। तुरंत कार्रवाई करते हुए एसएचओ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान अन्य आपातकालीन एजेंसियां भी तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद 8 से 10 साल की उम्र के तीन बच्चों को तालाब में डूबा हुआ पाया। दमकल विभाग की मदद से तीनों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि, उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्चे गोल्फ कोर्स की चारदीवारी कूदकर अंदर दाखिल हुए होंगे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, परिसर के भीतर एक कृत्रिम तालाब में डूबने से बच्चों की मौत हुई हो सकती है। उनके कपड़े तालाब के पास मिले, जिससे पुलिस को शक है कि वे वहां नहाने गए थे और डूब गए। हालांकि इसकी पुष्टि करने के लिए अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चे वहां तक कैसे पहुंचे और क्या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी।
इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। बच्चों की पहचान, उनके निवास स्थान और मौत के सही कारणों का पता लगाया जाना अभी बाकी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा कि यह केवल एक हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण है।
Updated on:
30 Apr 2026 06:30 pm
Published on:
30 Apr 2026 09:45 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
