Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Delhi elections 2025: पूर्वांचल के बाद अब पंजाबियों पर छिड़ी जंग, भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने

Delhi elections 2025: दिल्ली में पूर्वांचल के बाद अब पंजाबियों को लेकर सियासी जंग छिड़ गई है। भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के बयान को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शर्मनाक बताया है।

4 min read
Google source verification
Delhi elections 2025: पूर्वांचल के बाद अब पंजाबियों पर छिड़ी जंग, भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने

Delhi elections 2025: दिल्ली में पंजाबियों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गई है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के बयान पर अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आपत्ति जताई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा "दिल्ली को पंजाबियों ने संवारा है और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा की बात से पूरे पंजाब समाज को गहरा दुख हुआ। दिल्ली में लाखों पंजाबी रहते हैं जिनके परिवारों ने और उनके पूर्वजों ने देश के लिए न जाने कितनी कुर्बानियां दी हैं। दिल्ली में लाखों पंजाबी रेफ्यूजी भी रहते हैं जो बंटवारे के मुश्किल दौर में सब कुछ छोड़कर दिल्ली आ कर बसे थे। इनके परिवार ने भी अनगिनत यातनाएं सही हैं। भाजपा के नेता आज जो कह रहे हैं, इस से वो उनकी शहादत और कुरबानी का अपमान कर रहे हैं। यह बयान सुनकर मुझे बहुत पीड़ा हुई। दिल्ली को पंजाबियों ने सवारा है। पंजाबियों को देश के लिए खतरा बोलकर भाजपा ने दिल्ली में रहने वाले लाखों पंजाबियों को अपमानित किया है। बीजेपी को पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।"

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने क्या कहा"

अरविंद केजरीवाल के 'X' अकाउंट पर प्रवेश वर्मा का विरोध जताने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के बयान का एक अंश शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा "दिल्ली देश की राजधानी है। यहां हर राज्य से लोग आते हैं। यहां हर प्रदेश के नंबर की गाड़ियां चलती हैं। किसी भी राज्य के नंबर की गाड़ियां देश के किसी भी हिस्से में जा सकती हैं, इस पर कोई रोक टोक नहीं है।"

यह भी पढ़ें : फलोदी सट्टा बाजार के बाद आया सी-वोटर का सर्वे, जानिए अनुमानों में क्या है फर्क?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा "बीजेपी का ये बयान सुनिए। ये बेहद खतरनाक, चिंताजनक और पंजाबियों के लिए अपमानजनक है। ये पंजाब के नंबर की गाड़ियों को चिह्नित करके कह रहे हैं कि दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां क्यों घूम रही हैं? वो ऐसे कह रहे हैं जैसे पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। ये मेरे और देश के हर पंजाबी के लिए बेहद अपमानजनक है। आज हर पंजाबी बेहद पीड़ा और अपमान महसूस कर रहा है। अपनी गंदी राजनीति के लिए इस तरह पंजाबियों की देशभक्ति पे सवाल उठाना ठीक नहीं है।"

पंजाब के सीएम को प्रवेश वर्मा ने दिया ये जवाब

पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने प्रवेश वर्मा के बयान को पंजाबियों के अपमान से जोड़ा। इसपर भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने उन्हें जवाब दिया है। प्रवेश वर्मा ने कहा "अपने भेजे हुए गुंडों और आपदा के विधायकों को पंजाबी समाज से मत जोड़ो। आपके गुंडे और आपका आपदा-ए-आजम इस बार कुछ भी कर लो: ना तो दिल्ली वासी आपकी बातों में आएंगे, ना आपके जाल में फसेंगे। और हां, अगर मेरे पंजाबी भाई बहनों का ख्याल रखना है, तो केजरीवाल की चापलूसी करने के अलावा अपने वायदों को पूरा करो। पर समय केवल 8 फरवरी तक का है, उसके बाद केजरीवाल पंजाब का मुख्यमंत्री बनेगा।"

अब जानिए भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने कहा क्या था?

मंगलवार देर शाम भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि इंडिया गेट के पास चाइनीज कंपनी के कैमरे पंजाब से आए सरकारी कर्मचारी लगा रहे थे। उन्होंने मीडिया के सामने इसे देश की सुरक्षा से जोड़ते हुए जांच की मांग उठाई। प्रवेश वर्मा ने कहा "पंजाब से इनके (AAP) सारे गुंडे आए हैं। मुख्यमंत्री, मंत्री, पार्षद नेताओं ने नई दिल्ली सीट पर डेरा डाल दिया है। आसपास के सारे होटल बुक करा लिए हैं। हजारों की संख्या में यहां पंजाब के नंबर की गाड़ियां घूम रही हैं। उनमें कौन लोग हैं? यहां 26 जनवरी पर कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। यहां वह क्या ऐसा बड़ा काम करने वाले हैं? जिससे हमारी सुरक्षा व्यवस्था को खतरा हो सकता है?"

प्रवेश वर्मा ने आगे कहा "आज हमें पता चला कि चाइनीज कंपनी के सीसीटीवी कैमरे पंजाब के सरकारी कर्मचारियों से लगवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें पकड़ा। यह लोकेशन इंडिया गेट के बहुत पास है, जहां से परेड निकलती है। ऐसी जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाना चाइनीज कंपनी का, बिना किसी परमिशन के लिए, यह देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। जब उनको पकड़ा गया तो उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने उन्हें कहा कैमरा लगाने के लिए। उन्होंने बताया कि ये निजी फंड से लाए गए कैमरे हैं। मैंने चुनाव आयोग और पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है। और भी जितनी गाड़ियां घूम रही हैं, उनकी चेकिंग होनी चाहिए। यह मैंने मांग की है।"

यह भी पढ़ें : बीजेपी, कांग्रेस और ‘आप’ मिलकर भी नहीं कर पाई 25 पार, महिलाओं को टिकट देने में सबसे पीछे कौन?

इससे पहले पूर्वांचल के मतदाताओं को लेकर छिड़ी थी जंग

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर पूर्वांचल के मतदाताओं के वोट कटवाने का आरोप लगाया था। अरविंद केजरीवाल ने साजिश बताते हुए इसका समर्थन किया था। भाजपा ने इसे गलत बताया था। इसके बाद आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा “हमने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। ताकि बताया जा सके कि दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, क्योंकि वे AAP को वोट देते हैं। मैं दिल्ली के पूर्वांचली नेताओं से पूछना चाहता हूं कि जब जेपी नड्डा ने पूर्वांचलियों को घुसपैठिया कहा था। तब मनोज तिवारी कहां थे। पूर्वांचल मोर्चा कहां था? जब मेरे निर्वाचन क्षेत्र में छठ घाट तोड़ा गया, तब मनोज तिवारी कहां थे?" इसके बाद भाजपा ने इसे पूर्वांचल समाज का अपमान बताते हुए दिल्ली में धरना प्रदर्शन तक किया था।