
Delhi Elections 2025: चुनाव कोई भी हों, नेता और पार्टियां तो जनता से वादे करती ही हैं। इसके अलावा जनता भी मुलाकात के दौरान नेताओं के सामने अपनी मांगें प्रमुखता से उठाती है। देश की राजधानी दिल्ली का हाल भी इस समय कुछ ऐसा ही है। यहां चुनावी सीजन में सभी पार्टियां जनता के सामने अपने-अपने दावे और वादे लेकर पहुंच रही हैं। जबकि जनता भी नेताओं से अपनी मांगें बता रही है। इसी के चलते आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के सामने भी एक ऐसा ही प्रस्ताव रखा गया है। अरविंद केजरीवाल से दिल्ली का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ करने की गुजारिश की गई है।
दरअसल, बीते दिनों आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सरकार बनने पर पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये मासिक सम्मान राशि देने का ऐलान किया था। इसके साथ ही गुरुवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने चुनाव के बाद संत सेवा समिति का गठन करने की घोषणा की। इसी के चलते शुक्रवार को संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने अरविंद केजरीवाल और आप सांसद संजय सिंह का अभिनंदन किया।
संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के सामने दिल्ली का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ करने का प्रस्ताव रखा। स्वामी चक्रपाणि महाराज के सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर की गई हैं। इसमें कैप्शन लिखा गया है "आज माननीय अरविंद केजरीवाल जी और संजय सिंह जी का स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने दिल्ली में पुजारियों के वेतन देने के घोषणा पर अभिनंदन किया और दिल्ली के सभी मंदिर-आश्रमों के बिजली बिल माफ करने, दिल्ली का प्राचीन नाम इंद्रप्रस्थ करने का प्रस्ताव रखा।" हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले पर अरविंद केजरीवाल या आम आदमी पार्टी की ओर से किसी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पुजारियों और ग्रंथियों के लिए सम्मान योजना की घोषणा की है। इसके तहत चौथी बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के दिल्ली के पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये हर महीने सम्मान राशि दी जाएगी। इसके अलावा गुरुवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सनातन सेवा समिति का गठन भी किया है। इसमें भाजपा के मंदिर प्रकोष्ठ के कुछ सदस्य भी शामिल हुए हैं। इसके बाद से अरविंद केजरीवाल भी लगातार संतों और ग्रंथियों से मुलाकात कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने दिल्ली चुनाव की घोषणा करते हुए मतदान और परिणाम की तारीखें भी बता दी हैं। इसके तहत दिल्ली में एक ही चरण में पांच फरवरी को मतदान होगा। इसके बाद आठ फरवरी को चुनाव के नतीजे आ जाएंगे। दिल्ली में दो बार प्रचंड बहुमत से जीत रहे अरविंद केजरीवाल इस बार भी चुनाव जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं। इसी के चलते 'आप' ने चुनाव की घोषणा से पहले ही दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए। इसके साथ ही कई चुनावी घोषणाएं भी कर दी हैं। इनमें महिला सम्मान योजना, बुजुर्गों का मुफ्त इलाज, पुजारियों और ग्रंथियों को मासिक वेतन प्रमुख हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
10 Jan 2025 05:59 pm
Published on:
10 Jan 2025 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
