
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी दलों की एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी जारी है। अरविंद केजरीवाल ने जहां भाजपा पर नई विधानसभा सीट पर वोट कटवाने और बढ़वाने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पूर्व सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बड़ा सियासी हमला किया है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा "जबसे संदीप दीक्षित नई दिल्ली विधानसभा सीट से प्रत्याशी बने हैं। अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली से बाहर का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।"
कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आगे कहा "अरविंद केजरीवाल कभी कहते हैं कि पैसे बांटे जा रहे हैं तो कभी कहते हैं कि बाहर के लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। क्या उन्हें दिल्ली की चिंता नहीं है? वे दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे हैं, एक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं, क्या उनका फर्ज नहीं बनता कि दिल्ली के हर एक व्यक्ति की आवाज़ बनें। वे नई दिल्ली तक ही सीमित रह गए हैं। जब से हमने अपनी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है और अपनी गारंटियां घोषित की हैं। वे चिंता में है। मुझे लगता है कि अरविंद केजरीवाल एक नई सीट की तलाश में हैं।"
कांग्रेस के साथ ही भाजपा ने भी अरविंद केजरीवाल पर करारा सियासी हमला किया है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयानों की निंदा की है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "मुझे यह देखकर दुख हो रहा है कि किस तरह से मेरी दिल्ली को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। तीन बार के मुख्यमंत्री की भाषा देखकर ऐसा लगता है कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं।" वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा "मेरी अरविंद केजरीवाल से गुजारिश है कि दिल्ली की जनता से सत्ता खोने का बदला न लें। अगर आपको गाली देनी है तो मुझे दीजिए, मैं सुनूंगा। भाजपा को गाली देनी है तो दीजिए, लेकिन दिल्ली को बर्बाद मत कीजिए। इसमें सांप्रदायिकता मत बढ़ाइए।"
वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्वांचल के मतदाताओं के सहारे अरविंद केजरीवाल का घेराव किया। उन्होंने कहा "कल अरविंद केजरीवाल ने हमारे पूर्वांचली भाइयों को फर्जी मतदाता बताकर पूरे पूर्वांचल समाज का नाम जिस तरह से बदनाम किया है, वह बेहद निंदनीय है। "जिस दिल्ली ने आपका सम्मान किया, उसने आपको यह पद दिया। आप उसे घोड़ी कहते हैं और फिर पूछते हैं कि दूल्हा कौन है? आप हमेशा सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश करते हैं।" वीरेंद्र सचदेवा ने इस दौरान 2020 के दिल्ली दंगों की याद भी दिलाई। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तनाव भड़काने का आरोप लगाया। कहा "लोग दिल्ली में हुए दंगों को भूले नहीं हैं। जब आप देखते हैं कि आप चुनाव हार रहे हैं, तो आप चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं, दंगा भड़काते हैं। आपको बस अपनी कुर्सी और सत्ता की परवाह है।"
भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "नए साल पर जब पूरा देश जश्न मना रहा था। तब आम आदमी पार्टी और दिल्ली की सीएम आतिशी ने भाजपा पर मंदिर तोड़ने का आरोप लगाकर तनाव फैलाने की कोशिश की। अरविंद केजरीवाल कभी पूर्वांचल समुदाय को गाली देते हैं तो कभी लोगों को उकसा देते हैं। अरविंद केजरीवाल दिल्ली का सम्मान नहीं करते हैं। उनका मन काला है।"
पूर्वांचल के मतदाताओं पर अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा "अरविंद केजरीवाल रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को पसंद करते हैं, क्योंकि वे उनके प्रिय मतदाता हैं। वे भाजपा के मतदाता नहीं हैं। उन्होंने हमेशा पूर्वांचली मतदाताओं का अपमान किया है। जिन्होंने दिल्ली के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। दिल्ली भारत की आत्मा है। वे इस विशेष क्षेत्र के लोगों को निशाना बनाते रहे…वह पूर्वांचलियों के कट्टर विरोधी रहे हैं।"
शुक्रवार को दिल्ली में रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी (RWA) के लिए फंड की घोषणा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा “भाजपा की केंद्र सरकार ने दिल्ली को देश की क्राइम कैपिटल बनाकर रख दिया है। लोग बहुत ज्यादा डरे हुए हैं। भाजपा और इनकी केंद्र सरकार को दिल्ली के लोगों से कोई लेना-देना नहीं है। ये लोग (BJP) दिल्ली के लोगों से नफरत करते हैं, इसीलिए भाजपा 25-27 सालों से दिल्ली की सत्ता में नहीं आ पाई है।”
Updated on:
10 Jan 2025 02:52 pm
Published on:
10 Jan 2025 02:48 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
