22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दीदी, मुझे बचा लो’, 7 मिनट पहले मांगी थी मदद, फिर आई मौत की खबर; दिल्ली की घटना ने सबको दहला दिया

Inderpuri Delhi Dowry Death Case: दिल्ली के इंद्रपुरी में 28 वर्षीय वीना की छत से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई। मौत से 7 मिनट पहले उसने बहन को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी। बुलेट बाइक और दहेज के लिए हत्या के आरोप में पति और जेठ गिरफ्तार हुए हैं।

3 min read
Google source verification
Delhi news

मृतक महिला की फोटो, सोर्स ( x )

Delhi Dowry Death Case: 'दीदी मुझे बचा लो… ये लोग मुझे बहुत मार रहे हैं। मैं बचूंगी नहीं… मुझे जान से मार देंगे ये।' यह दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में रहने वाली 28 वर्षीय वीना कुमारी के अपनी बहन के लिए आखिरी शब्द थे। इस खौफनाक कॉल के ठीक सात मिनट बाद वीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पति का दावा है कि वह तीन मंजिला इमारत की छत से दुर्घटनावश गिर गई, जबकि मायके वालों का आरोप है कि वीना को दहेज के लिए प्रताड़ित कर छत से नीचे फेंक कर मार डाला गया है।

7 मिनट के फासले पर दो फोन कॉल और मौत का रहस्य

यह दिल दहला देने वाली घटना 18 मई की रात की है। वीना की बहन रीना के मुताबिक, रात 9:55 बजे वीना का रोते हुए फोन आया, जिसमें उसने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। वीना को अहसास हो चुका था कि उसकी जान खतरे में है, इसलिए उसने फोन कटने से पहले अपनी बहन से कहा कि मेरे जाने के बाद मेरे छह महीने के बेटे को तुम संभाल लेना। इसके बाद फोन कट गया। घबराई रीना ने दोबारा वीना और उसके ससुराल वालों को फोन मिलाया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। रीना तुरंत अपनी बहन के घर के लिए निकली। लेकिन ठीक 7 मिनट बाद, यानी रात 10:02 बजे वीना के जेठ ने रीना को फोन कर कहा- 'भाभी छत से गिर गई हैं।' अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने वीना को मृत घोषित कर दिया।

3 साल की शादी, 'बुलेट' की मांग

उत्तर प्रदेश के संभल की रहने वाली वीना की शादी करीब तीन साल पहले राजू सिंह से हुई थी। साल 2023 के मध्य में वे बेहतर जिंदगी की तलाश में दिल्ली के इंद्रपुरी आकर रहने लगे थे। दोनों का एक छह महीने का बेटा भी है। वीना के भाई ने एनडीटीवी (NDTV) को दिए इंटरव्यू में बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज को लेकर ताने मारते थे। पति राजू अक्सर कहता था कि 'तेरे से अच्छी (बीवी) ले आता।' वहीं इसी साल 25 अप्रैल को शादी करने वाले राजू के भाई राजकुमार ने भी वीना को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह अपनी नई नवेली बीवी के दहेज की तुलना वीना के दहेज से करता था। जेठ कहता था कि 'तुम्हारे बाप ने सिर्फ 32 इंच का टीवी दिया, जबकि मेरी पत्नी के घरवाले 46 इंच का टीवी और मोटरबाइक लाए हैं।'

मार-मारकर फाड़ दिया था कान का पर्दा!

भाई का आरोप है कि दोनों भाई मिलकर वीना को बेरहमी से पीटते थे। एक बार उन्होंने वीना को इतनी जोर से थप्पड़ मारा था कि उसके कान का पर्दा फट गया था। ससुराल वाले वीना के पिता से 'रॉयल एनफील्ड बुलेट' मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। वीना हमेशा परिवार टूटने के डर से मायके वालों को पुलिस में शिकायत करने से रोक देती थी।

'हमने एक चम्मच भी नहीं मांगा'

दूसरी तरफ, वीना के ससुर जयपाल ने मारपीट, दहेज की मांग और छत से धक्का देने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच मामूली नोकझोंक होना आम बात है। ससुर ने दावा किया, 'हमने शादी में एक चम्मच भी नहीं मांगा था।' उन्होंने कहा कि उन्होंने ही इस जोड़े को अच्छे भविष्य के लिए दिल्ली भेजा था।

पुलिसिया कार्रवाई

पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) शरद भास्कर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार को पीसीआर (PCR) पर एक महिला के इमारत से गिरने की सूचना मिली थी। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मृतका के मायके वालों के बयान के आधार पर दहेज हत्या (Dowry Death) का मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी पति राजू सिंह और उसके भाई राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।