22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रात को 12 बजे भी तप रही दिल्ली! 14 साल का टूटा रिकॉर्ड; IMD ने जारी किया खतरनाक अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली में सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी रिकॉर्ड तोड़ तप रही हैं। 14 साल बाद मई में सबसे गर्म रात दर्ज की गई है। इसके साथ ही शहर में आग लगने की घटनाएं और प्रदूषण भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गए हैं। मौसम विभाग ने 27 मई तक लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Google source verification
Delhi Heatwave Alert

PHOTO ANI

Delhi Heatwave Alert: दिल्ली के लोग इस समय कुदरत की तिहरी मार झेल रहे हैं। अमूमन लोग दोपहर की चिलचिलाती धूप से बचने के लिए रात के ठंडे होने का इंतजार करते हैं, लेकिन अब वह सुकून भी छिन चुका है। दिल्ली में गुरुवार की रात पिछले 14 साल में मई महीने की सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा यानी 31.9°C दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ अब रातें भी आग उगल रही हैं, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

27 मई तक कोई राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में लू का कहर अभी थमने वाला नहीं है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट को बढ़ाकर 27 मई तक कर दिया है। गुरुवार को दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका 46.3°C के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर आए एक हल्के बदलाव का असर पंजाब तक ही रहेगा, दिल्ली को फिलहाल इस भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है।

क्या होती है गर्म रात और क्यों टूटा रिकॉर्ड?

मौसम विभाग किसी रात को गर्म रात तब घोषित करता है, जब दिन का तापमान 40°C से ऊपर हो और रात का तापमान सामान्य से कम से कम 4.5°C ज्यादा हो। गुरुवार को दिल्ली में यही हालात देखने को मिले। इससे पहले साल 2012 में मई के महीने में इतनी गर्म रात दर्ज की गई थी। इस बार चौबीसों घंटे पड़ रही गर्मी ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है।

हर 7 मिनट में भड़क रही है आग

इस भीषण गर्मी का सबसे खतरनाक असर दिल्ली की सुरक्षा पर पड़ा है। सूखी और अत्यधिक गर्मी के कारण दिल्ली में आग लगने की घटनाएं अचानक बढ़ गई हैं। दिल्ली फायर सर्विसेज को इस हफ्ते हर सात मिनट में आग लगने की एक कॉल मिल रही है। आंकड़ों के मुताबिक, रोजाना औसतन 170 से लेकर 250 तक आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे फायर ब्रिगेड की टीमें चौबीसों घंटे अलर्ट पर हैं।

तपिश के बीच हवा भी हुई जहरीली

दिल्लीवालों के लिए मुसीबत यहीं खत्म नहीं होती। गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर की हवा एक बार फिर खराब हो गई है। गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक AQI बढ़कर 209 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। यानी इस समय दिल्ली की जनता गर्मी से झुलसने के साथ ही प्रदूषित हवा में सांस लेने को भी मजबूर है। जहां दोपहर में लू के थपेड़े हैं, रात में उमस भरी गर्मी है, सांस लेने के लिए खराब हवा है और चारों तरफ आग लगने का डर। ऐसे में बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलें और खुद को हाइड्रेटेड रखें।