
शोर-शराबे का विरोध करने पर मणिपुरी गिटारिस्ट की पीट-पीटकर हत्या (फोटो सोर्स- ANI)
Murder Case:दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सनलाइट कॉलोनी इलाके के किलोकरी गांव में देर रात शोर-शराबा करने का विरोध करने पर 54 वर्षीय मणिपुरी गिटारिस्ट और म्यूजिक टीचर विक्रम सिंह चोंगथम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उन्हें उनके ही घर की तीसरी मंजिल पर घेरकर लात-घूंसों से तब तक मारा जब तक वह बेहोश नहीं हो गए। इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कारवाई करते हुए मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
विक्रम सिंह पिछले 17 सालों से दिल्ली में रहकर बच्चों को गिटार सिखाते थे। वह अपनी पत्नी और 20 साल के बेटे के साथ किलोकरी में तीसरी मंजिल पर किराए का फ्लैट लेकर रहते थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह घर से नीचे कचरा डालने गए थे। वहां पास ही स्थित दो ढाबों के कर्मचारी जोर-जोर से चिल्ला रहे थे और हंगामा कर रहे थे। जब विक्रम ने उन्हें देर रात शोर मचाने से मना किया, तो आरोपी उनसे उलझ गए और विवाद बढ़ गया।
बहस बढ़ने के बाद जब विक्रम जान बचाकर अपने फ्लैट की ओर भागे, तो आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। आठों आरोपियों ने उनका पीछा किया और तीसरी मंजिल तक पहुंच गए। उन्होंने घर के बाहर गलियारे में ही विक्रम को पकड़ लिया और उन पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। हमला करने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग गए। परिजन विक्रम को लहूलुहान हालत में ओखला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से 8 आरोपियों की पहचान कर ली गई। पकड़े गए आरोपियों में भारत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, विजय, दीपांशु, मोहन विश्वकर्मा और मन्नू शामिल हैं। इनमें से ज्यादातर आसपास के ढाबों और पिज्जा कियोस्क में डिलीवरी या पैकेजिंग का काम करते हैं। पुलिस ने हत्या की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इस दुखद घटना के बाद दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों में काफी गुस्सा है। सोमवार शाम किलोकरी गांव में लगभग 100 लोग इकट्ठा हुए और विक्रम सिंह के लिए न्याय की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए दिल्ली पुलिस से मामले में सख्त और तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
08 Sept 2026 08:48 am
Published on:
08 Sept 2026 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
