
घरेलू सहायिका की हत्या करने वाले डॉक्टर की पत्नी का बयान आया सामने फोटो source @MukAn_X
Delhi maid murder: देश की राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के कैलाश हिल्स इलाके में रहने वाली एक महिला की हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। पुलिस ने महिला का शव आरोपी डॉक्टर के घर के अंदर से ही बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो मौके से एक बैट और चाकू बरामद हुआ है। इस घटना के एक दिन बाद जांच में पुलिस ने आरोपी डॉक्टर की पत्नी के बयान दर्ज किए जिसमें उनकी पत्नी टीना ने पुलिस को बताया कि उन्हें कभी अंदाज भी नहीं था कि 45 साल की पीड़िता को नौकरी से न निकालने के उनके फैसले से वह इतने ज्यादा भड़क जाएंगे।
एक सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, टीना ने कहा कि डॉ. मनीष गुप्ता ने उनसे घरेलू सहायिका को नौकरी से निकालने के लिए कहा था। उन्होंने मना कर दिया, लेकिन मनीष ने कभी इस बात पर हंगामा नहीं किया। उन्होंने घरेलू सहायिका मीना से भी कभी कुछ नहीं कहा। मनीष को लगता था कि मीना घर की ठीक से सफाई नहीं कर रही है। वह दो-तीन साल से अपनी पत्नी से उसे नौकरी से निकालने के लिए कह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 54 साल का आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता एंटी-डिप्रेसेंट दवाएं भी ले रहा था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया और दिल्ली की एक अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या डॉक्टर का हिंसा का कोई पुराना इतिहास रहा है, हालांकि टीना का दावा है कि घर के अंदर उनका व्यवहार हमेशा शांत रहा है।
आरोपी माउंट कैलाश में अपने घर के पास ही अपना क्लिनिक चलाता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि पीड़िता घर में नेगेटिव एनर्जी लाती थी। पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ से पता चला है कि मीना पिछले 10 सालों से उस घर में काम कर रही थी। डीसीपी तिवारी ने कहा था, आरोपी शव के पास ही मौजूद था। उसने माना कि उसने पीड़िता को बैट से मारा और बाद में चाकू घोंपा।
Updated on:
20 Jun 2026 11:25 am
Published on:
20 Jun 2026 10:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
