
साउथ दिल्ली में कत्ल को लूट साबित करने की नाकाम कोशिश, आरोपी गिरफ्तार। (फोटो सोर्स-PATRIKA/ANI)
South Delhi Murder Case: दक्षिण दिल्ली के रतिया मार्ग इलाके में 10 अगस्त की सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पुलिस को भी कुछ देर के लिए उलझा दिया। घर के अंदर 55 वर्षीय मुन्ना लाल की लाश पड़ी थी। सामान बिखरा हुआ था और पहली नजर में पूरा मामला लूटपाट के बाद हत्या का लग रहा था। लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे कहानी का असली चेहरा सामने आने लगा।
मुन्ना लाल छोटे स्तर पर टाइम बिल्डिंग का काम करते थे। सुबह करीब 5 बजे इलाके में हड़कंप मच गया। घर में हुई कथित लूट और हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मुन्ना लाल की हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत एम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में उनकी पत्नी ने दिल्ली पुलिस को बताया कि सुबह उसने देखा कि घर का सामान अस्त-व्यस्त था और कुछ लोग छत के रास्ते घर में घुसे होंगे। उसने यह भी बताया कि मुन्ना लाल का शव घर में पड़ा मिला। पत्नी की बातों से मामला लूट के बाद हत्या जैसा दिखाई दे रहा था।
लेकिन पुलिस को घटनास्थल की तस्वीर कुछ और कहानी बता रही थी। घर में मौजूद सामान और वारदात के तरीके को देखकर जांच अधिकारियों को शक हुआ कि यह सामान्य चोरी या लूट का मामला नहीं है। इसके बाद पुलिस ने घर में मौजूद सबूतों और परिवार से जुड़ी जानकारी को खंगालना शुरू किया।
जांच के दौरान सामने आया कि मुन्ना लाल की हत्या कथित तौर पर उनकी पत्नी ने अपने प्रेमी की मदद से की थी। दोनों ने हत्या के बाद इसे लूट की वारदात दिखाने की कोशिश की, ताकि पुलिस का शक किसी बाहरी व्यक्ति पर जाए।
फॉरेंसिक जांच ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, मुन्ना लाल को पहले नशीला पदार्थ दिया गया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई, गला दबाया गया और सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया। इतना ही नहीं, उनके निजी अंगों पर बिजली का करंट लगाने के भी संकेत मिले हैं।
पुलिस को घटनास्थल पर कुछ ऐसी विसंगतियां भी मिलीं, जिनसे यह शक मजबूत हुआ कि वारदात किसी बाहरी लुटेरे ने नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्ति ने की थी जिसे घर और वहां की स्थिति की पूरी जानकारी थी।
यानी जिस वारदात को सुबह-सुबह लूट और हत्या बताकर पेश किया गया था, उसके पीछे कथित तौर पर घर के अंदर की ही साजिश छिपी थी। अब पुलिस इस पूरे मामले में पत्नी और उसके प्रेमी की भूमिका, हत्या की वजह और वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
Updated on:
13 Aug 2026 01:25 pm
Published on:
13 Aug 2026 01:24 pm
