
PHOTO X
Ashok Nagar Fire:दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां सोमवार दोपहर को अचानक भयानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि थाने के अंदर मौजूद पुलिसवालों और लोगों के बीच हड़कंप मच गया और सब अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। इस घटना के बाद इलाके के विधायक कुलदीप कुमार ने प्रशासन और दमकल विभाग पर लापरवाही के बड़े आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:06 बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि न्यू अशोक नगर थाने के मालखाने जहां जब्त सामान और रिकॉर्ड रखे जाते हैं में आग लग गई है। खबर मिलते ही शुरुआत में दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में हालात बिगड़ने लगे। स्थिति को गंभीर देखते हुए दमकल विभाग ने इसे बड़ी आग घोषित किया और तुरंत बैकअप के लिए और भी गाड़ियां मौके पर बुलाईं।
आग को बुझाने के लिए दमकल के कई बड़े अधिकारियों की देखरेख में ऑपरेशन शुरू किया गया। पानी की कमी न हो, इसके लिए बीच में और टैंकर मंगाए गए। आखिरकार करीब पौने एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद दोपहर 1:50 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद भी काफी देर तक पानी का छिड़काव किया गया ताकि आग दोबारा न भड़के। दोपहर 2:20 बजे जाकर काम पूरी तरह खत्म हुआ। इस हादसे में मालखाने के रिकॉर्ड और सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी जांच की जा रही है। आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
इस पूरी घटना के बीच राजनीति भी गरमा गई है। स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार ने घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रशासन को घेरा है। उनका आरोप है कि थाने के बिल्कुल पास में ही फायर स्टेशन है, इसके बावजूद दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में पूरा एक घंटा लग गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पास में स्टेशन होने पर भी इतनी देरी होगी, तो किसी बड़े हादसे में लोगों की जान कैसे बचेगी? फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है और पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
Updated on:
19 May 2026 04:05 pm
Published on:
19 May 2026 03:59 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
