18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Delhi Crime: दिल्ली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, हत्या की कोशिश करने वाले चार हमलावर 14 घंटे में गिरफ्तार

Attempt To Murder Case Update Delhi: दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने महज 14 घंटे में खुलासा कर दिया। एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
2 min read
Google source verification
delhi police solves attempt to murder case in 14 hours four accused arrested

हत्या की कोशिश करने वाले चार हमलावर 14 घंटे में गिरफ्तार। फोटो सोर्स-IANS

Attempt To Murder Case Update: दिल्ली पुलिस की वेलकम थाना टीम ने हत्या की कोशिश के एक मामले का महज 14 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया है।

कबीर नगर में युवक पर हुआ था चाकू से हमला

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई की दोपहर वेलकम थाना पुलिस को कबीर नगर के सी-ब्लॉक, गली नंबर-6 में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया है। घायल को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (JPC) में भर्ती कराया गया।

घायल ने 4 हमलावरों के खिलाफ दर्ज कराया मामला

घायल की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद साजिद के रूप में हुई, जो कबीर नगर का निवासी है। साजिद ने पुलिस को बताया कि 4 लोगों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला किया था। पीड़ित के बयान के आधार पर वेलकम थाने में हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी इनपुट और लोकल इंटेलिजेंस से मिली सफलता

मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूचना के आधार पर पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अगले 14 घंटे के भीतर बाकी 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

निशानदेही पर बरामद हुआ खंजरनुमा चाकू

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

थप्पड़ का बदला लेने के लिए किया हमला

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले मोहम्मद साजिद के साथ उनका विवाद हुआ था। इसी दौरान साजिद ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। उसी बात का बदला लेने के लिए चारों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला करने की योजना बनाई।

एक नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में 14 साल के एक नाबालिग, 18 वर्षीय साहिल उर्फ चवन्नी, 21 वर्षीय नाजिम और 19 वर्षीय कादिर उर्फ काले बाबू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

साजिश के अन्य पहलुओं की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात की साजिश किस तरह बनाई गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग