
दिल्ली लाल किला कार धमाका
Red Fort Car Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाके के बाद जांच टीमें आतंकी की जड़ों का पता लगाने में जुटी हैं। दूसरी ओर फरीदाबाद से दो परिवार अचानक गायब हो गए। यह वही परिवार हैं, जिन्होंने फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में तैनात डॉ. मुजम्मिल को अपने घर किराए पर दिए थे। अब जांच एजेंसियां दोनों मकान मालिकों और डॉक्टर मुजम्मिल के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हैं।
दरअसल, फरीदाबाद के धौज और फतेहपुर तगा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टर मुजम्मिल के ठिकानों से 2900 किलो विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद इन दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि डॉक्टर मुजम्मिल को किराए पर मकान देने वाले दोनों घरों के मालिक और उनके परिवार भी अचानक गायब हो गए हैं। फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी ने धौज गांव में विश्वविद्यालय परिसर के ठीक बराबर में एक मस्जिद भी बनवाई हुई है। बताया जा रहा है कि इसी मस्जिद का इमाम (मौलवी) डॉक्टर मुजम्मिल को नमाज पढ़ाया करता था। इमाम की पहचान इलाके में एक शांत और धार्मिक व्यक्ति के रूप में की जाती रही है। उसका खुद का घर फतेहपुर तगा की एक कॉलोनी में स्थित था, जिसे उसने किराए पर डॉक्टर मुजम्मिल को दे दिया था, जबकि वह स्वयं अपने परिवार के साथ मस्जिद परिसर में बने एक छोटे से घर में रहता था।
मस्जिद में मौजूद रहीमउद्दीन नामक व्यक्ति ने HT को बताया कि इमाम की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। वह लोगों से सौम्य व्यवहार करता था और इलाके में उसकी छवि एक सज्जन व्यक्ति की थी। आमदनी के सीमित साधनों के चलते उसने अपनी आय बढ़ाने के लिए फतेहपुर तगा वाला घर किराए पर दे दिया था। डॉक्टर से उसका परिचय मस्जिद में नमाज के दौरान हुआ था, और इसी पहचान के चलते उसने उसे किराए पर जगह दे दी। उधर, धौज गांव में भी जिस परिवार ने डॉक्टर मुजम्मिल को किराए पर कमरा दिया था, वे लोग भी अब घर पर नहीं हैं। उनके मकान पर ताला लटका मिला। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार कई दिनों से दिखाई नहीं दिया है।
जांच एजेंसियों के सक्रिय होने से इलाके में भारी हलचल है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और स्थानीय पुलिस लगातार छापेमारी और पूछताछ में जुटी हुई हैं। लेकिन आसपास के लोग किसी भी जानकारी को साझा करने से बच रहे हैं। स्थानीय निवासी अब बेहद सतर्क हो गए हैं और जांच एजेंसियों की बढ़ती आवाजाही के बीच चुप्पी साधे हुए हैं। जांच में यह खुलासा हुआ कि धौज गांव में डॉक्टर मुजम्मिल के ठिकाने से 358 किलो विस्फोटक पदार्थ और हथियार बरामद किए गए। वहीं, फतेहपुर तगा गांव में इमाम के मकान से 2,563 किलो विस्फोटक सामग्री मिली। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
Updated on:
12 Nov 2025 12:42 pm
Published on:
12 Nov 2025 12:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
