24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली मर्डर: मासूम चेहरे के पीछे छिपा था हैवान! खुद बताया परिवार रखता था पूरा ख्याल, सैलरी के साथ देता अच्छी बोनस

IRS Officer Daughter Murder Case: दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिवार के पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में राहुल ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।

2 min read
Google source verification
delhi crime Rahul Meena interrogation

IRS अधिकारी की बेटी से रेप और हत्या के आरोपी राहुल मीणा ने कबूला जुर्म (Photo: X/ANI)

दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में हुई 22 वर्षीय युवती की जघन्य हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है, जो कभी इसी घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात की मुख्य वजह ऑनलाइन जुए की लत और उस पर चढ़ा 7 लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल मीणा पिछले करीब एक साल से पीड़ित परिवार के साथ काम कर रहा था। राहुल के परिवार के अनुरोध पर इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) अधिकारी पीड़िता के पिता ने उसे नौकरी पर रखा था। परिवार उसे 20,000 रुपये मासिक वेतन के साथ समय-समय पर बोनस भी देता था। खुद हैवानियत करने वाले राहुल मीणा ने माना कि पीड़िता का परिवार उसके साथ बहुत अच्छा व्यवहार करता था। कई मौकों पर उसकी आर्थिक मदद की थी।

हालांकि, ऑनलाइन गैंबलिंग ऐप्स पर जुआ खेलने की लत के कारण राहुल पर 7 लाख रुपये का कर्ज हो गया। साथ ही, पड़ोसियों और स्थानीय दुकानदारों से पैसे के गबन की शिकायतों के बाद उसे पिछले महीने नौकरी से निकाल दिया गया था। राहुल इससे भी खफा था, वह इसे अपना अपमान मान रहा था।

घटना वाले दिन स्पेयर चाबी से घर में घुसा

राहुल बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ। उसने जूते के रैक में रखी एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया। इसलिए पुलिस को भी मौके से जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले। उस समय आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग ग्रेजुएट पीड़िता यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी।

बताया जा रहा है कि युवती अपनी छत वाले कमरे में पढ़ाई कर रही थी। राहुल ने उससे पैसों की मांग की और जब उसने इनकार किया, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। राहुल ने पहले उसका गला घोंटने की कोशिश की, जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस को संदेह है कि इसी अवस्था में उसके साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया, जिसके बाद भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

खून से सने कपड़े बदले और 2.5 लाख लेकर हुआ फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल ने घर से करीब 2.5 लाख रुपये नकद और कीमती सामान चोरी किये। भागने से पहले उसने घर के भीतर ही अपने खून से सने कपड़े बदले ताकि किसी को शक न हो। वह मात्र 40-50 मिनट के भीतर वारदात कर घर से निकल गया था, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है।

पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा

हत्या के बाद राहुल द्वारका के एक होटल में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए डिजिटल इंटेलिजेंस का सहारा लिया। चोरी किए गए फोन, होटल के वाई-फाई के इस्तेमाल और इंस्टाग्राम चैट के जरिए पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान राहुल ने बेहद शांत लहजे में कहा, यह बस हो गया... अगर दीदी पैसे दे देतीं, तो यह सब नहीं होता।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद भी उसके चेहरे पर पछतावे का कोई भाव नहीं है। उसने राजस्थान से दिल्ली आने के लिए अपना मोबाइल 10,000 रुपये में बेचा था और 6,000 रुपये में गाड़ी किराए पर लेकर आया था।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग