23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली: IRS अधिकारी की बेटी का कातिल गिरफ्तार, 4-लेयर सिक्योरिटी तोड़कर वारदात को दिया था अंजाम

दिल्ली से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ कथित रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिवार के पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर घर की चार-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर वारदात को अंजाम दिया।

2 min read
Google source verification
Delhi IRS Officer Daughter rape murder Case Rahul Meena

IRS अधिकारी की बेटी से रेप के बाद हत्या, पूर्व नौकर राहुल मीणा गिरफ्तार (Photo: X/ANI)

दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी पूर्व नौकर राहुल मीणा ने घर की बेहद मजबूत चार स्तरीय सुरक्षा प्रणाली को भेदकर इस वारदात को अंजाम दिया। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट और यूपीएससी की तैयारी कर रही पीड़िता उस वक्त घर पर अकेली थी, जब आरोपी ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। राहुल मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता तक ऐसे पहुंचा आरोपी

जांच अधिकारियों के अनुसार, 23 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा पीड़ित परिवार का 8 महीने तक घरेलू सहायक था। उसे करीब छह सप्ताह पहले वित्तीय अनियमितताओं के कारण काम से निकाल दिया गया था। कई महीनों तक काम करने की वजह से वह घर के कोने-कोने से अच्छी तरह वाकिफ था। उसे घर की चाबियों के स्थान, कब कौन कहां आता-जाता है, इसकी भी जानकारी थी।

बताया जा रहा है कि पीड़िता के कमरे तक पहुंचने के लिए कम से कम चार-स्तरीय सुरक्षा को पार करना पड़ता था, जिनमें से तीन के लिए पासकोड की जरुरत थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने इन्हीं गुप्त कोड्स का इस्तेमाल कर बिना किसी शोर-शराबे के कमरे में प्रवेश किया।

आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन लाया गया-

CCTV में हुआ कैद, वारदात के बाद कपड़े बदलकर भागा

सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि राहुल मीणा बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे पीले रंग की शर्ट और काली पैंट में घर में दाखिल हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद, वह करीब साढ़े 7 बजे सफेद पैंट और पीली टी-शर्ट पहनकर बाहर निकलता दिखा। संदेह है कि उसने वारदात के बाद घर में ही कपड़े बदले और पास के पार्क में रुकने के बाद फरार हो गया। जब सुबह 8 बजे पीड़िता के माता-पिता जिम से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को खून से लथपथ पाया और घर का सामान बिखरा हुआ था।

मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर हत्या, रेप की आशंका

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद मोबाइल फोन चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पीड़िता का शव अर्ध-नग्न अवस्था में मिला और उसके कपड़े फटे हुए थे।

दिल्ली पुलिस ने हत्या, दुष्कर्म और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

15 टीमों ने मिलकर किया पीछा, होटल से दबोचा गया आरोपी

दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए करीब 15 टीमें बनाई थीं। तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से उसके भागने के रास्ते का पता लगाया गया। जांच के दौरान एक ऑटो चालक से पूछताछ में पता चला कि आरोपी को द्वारका के एक होटल तक उसने छोड़ा था। इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारकर राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान में भी दुष्कर्म का आरोप

जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल मीणा का आपराधिक इतिहास रहा है। दिल्ली की इस घटना से ठीक एक रात पहले, उसने राजस्थान के अलवर में अपनी एक पड़ोसन के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था और वहां से भागकर दिल्ली पहुंचा था।