
गैंगस्टर भानु राणा की हत्या की ली जिम्मेदारी
Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ केवल भारत में या आस-पास के देशों में नहीं बल्कि सात समंदर पार अमेरिका तक पहुंच गया है। गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के कैलिफोर्निया में हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा की हत्या कर दी है। भानु राणा कभी बिश्नोई गैंग का बेहद करीबी सहयोगी हुआ करता था, लेकिन पिछले साल दोनों के रास्ते अलग हो गए थे।
लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने हिंदी और पंजाबी में लिखी एक पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया है कि इस वारदात को 'सरपंच यूरोप', हिसार के साहिल दुहान और बिश्नोई गैंग के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया है। बता दें कि वायरल पोस्ट में भानु राणा को 'गद्दार' बताया गया है। गैंग का दावा है कि उन्होंने ठीक एक साल पहले ही उसकी मौत की भविष्यवाणी कर दी थी। इसके साथ ही इस पोस्ट से यह खुलासा हुआ है कि गैंग ने गोल्डी ढिल्लों से अपना नाता तोड़ते हुए उसे 'नशा तस्कर' और 'मुखबिर' करार दिया है।
हरियाणा के करनाल का निवासी भानु राणा एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। पंजाब में हुए एक ग्रेनेड हमले की जांच के दौरान उसका आतंकी कनेक्शन भी सामने आया था, जिसके बाद से भारतीय एजेंसियां उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। नवंबर 2025 में उसे अमेरिका में पकड़ा गया था, और तब से भारत सरकार उसे प्रत्यर्पित (Extradition) करवाकर स्वदेश लाने की कानूनी प्रक्रियाओं में जुटी हुई थी।
पोस्ट के अंत में गैंग ने बेहद खौफनाक चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई के आदेशानुसार, जो कोई भी देश के खिलाफ काम करेगा, उसे दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा। पोस्ट में लिखा गया है कि दुश्मनों को भानु राणा की तरह ही '10 फीट गहरा गाड़ दिया जाएगा' ताकि उनकी लाश तक न मिल सके।
इस संदेश के अंत में गैंग ने ऑस्ट्रेलिया और स्पेन जैसे देशों में फैले अपने सहयोगियों की एक लंबी लिस्ट जारी की है, जो इस अपराधी नेटवर्क की गहरी और अंतरराष्ट्रीय पहुँच को दर्शाता है। हालांकि, कैलिफोर्निया पुलिस की ओर से अभी तक इस हत्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
Updated on:
07 Apr 2026 12:42 pm
Published on:
07 Apr 2026 12:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
