
Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में कहा "आज पंजाब में एक घटना घटी, एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल के ऊपर किसी ने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब पुलिस की मुस्तैदी की वजह से और उनके अच्छे काम की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा होते होते बच गया। सुखबीर बादल सुरक्षित हैं। मैं इस घटना की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।"
अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में आगे कहा "पंजाब के अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में बुधवार सुबह सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ है। पंजाब में इस समय आम आदमी पार्टी का सरकार है। दिल्ली के पूर्व सीएम ने आगे कहा कि पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। इसके पीछे बहुत बड़ी-बड़ी ताकतें शामिल हैं, जो पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करना चाहती हैं।"
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने ना केवल इस घटना को रोका है, बल्कि पूरे देश के सामने एक मिसाल भी पेश की है कि किस तरह से कानून व्यवस्था को मुस्तैदी से बरकरार रखा जा सकता है। मैं पंजाब पुलिस की तारीफ करता हूं कि उन्होंने स्थिति को काबू किया। केजरीवाल ने कहा कि जब पंजाब में सुबह ये घटना घटी तब भाजपा, उनके नेताओं और मीडिया ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।
बता दें कि शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर पंजाब के अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में बुधवार सुबह जानलेवा हमला किया गया। उन पर गोली चलाई गई, जिसमें वो बाल-बाल बच गए। हमलावर को मौके से पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस ने हमलावर के पास से पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी का नाम नारायण सिंह बताया जा रहा है और वह खालसा दल से जुड़ा है। सुखबीर सिंह बादल पर हमला सुबह लगभग नौ बजे हुआ। उस समय वह भूमिका में मेन गेट पर तैनात थे। गेट पर दूसरी तरफ सुखदेव सिंह ढींडसा भी थे। वहीं दरबार साहिब में गोली चलने की आवाज से संगत भी घबरा गए। बताया जा रहा है कि हमलावर ने जैसे ही गोली चलाई मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
इनपुट: आईएएनएस
Updated on:
04 Dec 2024 05:16 pm
Published on:
04 Dec 2024 05:16 pm
