
फोटो- IANS
NEET Aspirant Suicide Delhi : देश भर में 21 जून को होने वाली NEET-UG की दोबारा परीक्षा (Re-examination) से ठीक पहले, दिल्ली में एक NEET अभ्यर्थी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने का बेहद दुखद मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक तनाव और बढ़ते दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक छात्रा की पहचान रेनू के रूप में हुई है, जो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी। मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला यह परिवार पिछले कुछ समय से दिल्ली में था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेनू ने 3 मई को हुई नीट (NEET) की परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा के ऐलान के बाद से वह गहरे डिप्रेशन से गुजर रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 जून की शाम की है। रेनू के नाना के निधन के कारण उसके पिता अपने ससुराल गए हुए थे और रेनू घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसका भावनात्मक दर्द साफ छलक रहा है। नोट में रेनू ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने में असमर्थ रही।
NEET परीक्षा विवाद और पेपर लीक के आरोपों के बीच छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। इसी सप्ताह राजस्थान के सीकर जिले में 22 वर्षीय NEET अभ्यर्थी उमेश माली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। झुंझुनू के नवलगढ़ निवासी उमेश 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए अपने तीसरे प्रयास की तैयारी कर रहे थे। वहीं, यह सीकर में NEET अभ्यर्थी की आत्महत्या का दूसरा मामला बताया जा रहा है। दूसरी ओर, उत्तराखंड के देहरादून में 23 वर्षीय एक युवती ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता न मिलने के तनाव के बीच अपनी जान दे दी। युवती ने अपने माता-पिता के नाम एक भावुक नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा था, 'मम्मी-पापा, आई लव यू।' वह लंबे समय से मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थी।
इस बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने मंगलवार को उम्मीदवारों को आश्वासन दिया कि 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा पूरी तरह से सुरक्षित और त्रुटिहीन तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को सोशल मीडिया पर सक्रिय उन रैकेटों से सावधान रहने की चेतावनी दी, जो मोटी रकम लेकर 'लीक पेपर' बेचने का दावा कर रहे हैं। एक वीडियो संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि री-एग्जाम के लिए कोई पेपर लीक नहीं हुआ है और टेलीग्राम जैसे ऐप्स पर चल रहे फर्जी दावों और अफवाहों को रोकने के लिए ही 22 जून तक टेलीग्राम एप्लिकेशन को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है।
Published on:
17 Jun 2026 01:37 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
