
Nuh crime News:हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटी। फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में एक महिला अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ 70 फुट गहरे कुएं में कूद गई। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए हैं। महिला और उसकी तीसरी बेटी फिलहाल लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
28 साल की महिला साहिला पत्नी शाहिद और तीनों बच्चियां नूंह जिले के बदोपुर गांव में रहती थी। तीनों बच्चियों की उम्र 4 वर्ष और 7 वर्ष जबकि एक तो सिर्फ 5 महीने की थी। गांव वालों की मदद से पुलिस बचाव अभियान चला रही, लेकिन अभी तक दो शव ही मिले हैं।
सोमवार की वह दोपहर बदोपुर गांव के लिए किसी काल की तरह आई। गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा अचानक चीख-पुकार और शोर में बदल गया। हर कोई एक ही दिशा में भाग रहा था। उस पुराने कुएं की ओर, जो देखते ही देखते मौत के जाल में तब्दील हो चुका था। जैसे ही लोग वहां पहुंचे, खबर ने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी। पता चला कि एक मां अपनी तीन मासूम बेटियों को कलेजे से लगाए उस 70 फुट गहरे अंधेरे कुएं में समा गई है। कुएं के तल में गहरा पानी और ऊपर ग्रामीणों का हाहाकार, हर कोई बेबस था, लेकिन उम्मीद का दामन थामे बचाव में जुट गया।
जल्द ही फिरोजपुर झिरका पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोहे के जाल, ऑक्सीजन सिलेंडर और रस्सियों के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उस अथाह पानी को खंगालना शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद जब कुएं से दो नन्हीं बच्चियों के बेजान शरीर बाहर निकले, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।
70 फुट गहरा वह कुआं अब भी रहस्य बना हुआ था क्योंकि महिला और उसकी एक बेटी का कहीं सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को मोर्चे पर लगाया। सदर थाना पुलिस ने बरामद हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, जबकि पानी की लहरों के बीच अब भी दो और जिंदगियों की तलाश जारी है। बदोपुर के उस कुएं के पास खामोशी अब और भी डरावनी हो गई थी।
महिला के इस तरह से खौफनाक कदम उठाने के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू कलह का लग रहा है। अभी तक पुलिस को किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, अभी इस मामले में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Published on:
09 Mar 2026 04:09 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
