
Uttam Nagar Tension:दिल्ली के उत्तम नगर में होलीकांड के बाद से वहां का माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है। होली के दिन हुई घटना की आग अब ईद को अपनी चपेट में ले लिया है। बीते दिनों कुछ सगंठनों के नेताओं के द्वारा मुस्लिमों की ईद खराब करने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट में पहुंच गया। अब इसी बीच AIMIM के मुखिया असद्ददीन ओवैसी का भी बयान सामने आया है। दरअसल, उन्होंने ईद खराब करने की धमकी को लेकर मुस्लिमों की सुरक्षा की चिंता जताई है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए लिखा है कि 'पुलिस अपने कार्यों को जिम्मेदारी पूर्वक नहीं कर रही है।
आपको बता दें कि ओवैसी ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि उत्तम नगर में दिल्ली पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नफरत फैलाने की गतिविधियां लगातार जारी रहने के आरोप सामने आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि स्थिति को काबू में करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे इलाके में असुरक्षा और तनाव का माहौल बढ़ता जा रहा है। पुलिस की जिम्मेदारी है कि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे, लेकिन मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि हालात बिगड़ने से रोकने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
उत्तम नगर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। "ईद पर खून की होली" जैसे भड़काऊ बयानों और खुलेआम दी जा रही धमकियों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एआईएमआईएम के स्थानीय नेतृत्व का कहना है कि असामाजिक तत्वों में कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है और प्रशासन की खामोशी माहौल को और बिगाड़ रही है। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर ईद के अवसर पर उत्तम नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नफरती बयानबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन को लिखे गए पत्र में इस बात पर गहरा क्षोभ प्रकट किया गया है कि इलाके में सक्रिय असामाजिक और चरमपंथी तत्व न केवल नफरत फैला रहे हैं, बल्कि सुनियोजित ढंग से दंगों की जमीन तैयार कर रहे हैं। इन चिंताजनक रिपोर्टों के बीच स्थानीय निवासियों में व्याप्त भय का आलम यह है कि कई परिवार अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा की खातिर दशकों पुराने आशियाने छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। इस लगातार बढ़ते तनाव और भड़काऊ बयानबाजी ने मुस्लिम समुदाय के भीतर असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है, जिससे सामाजिक सौहार्द पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
Updated on:
19 Mar 2026 01:13 pm
Published on:
19 Mar 2026 01:11 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
