
कर्ज के जाल में फंसे युवक ने जहर पीकर बनाया VIDEO, फोटो सोर्स- AI
Palwal suicide attempt video: हरियाणा के पलवल जिले से सूदखोरी और प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, चांदहट थाना क्षेत्र के गांव चिरवाड़ी में 32 वर्षीय युवक हरेन्द्र ने कथित तौर पर साहूकारों के बढ़ते दबाव और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर जहरीला पदार्थ गटक लिया। कदम उठाने से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गंभीर अवस्था में परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
पीड़ित के छोटे भाई बलजीत के अनुसार, उनका बड़ा भाई हरेन्द्र एक निजी बैंक के कलेक्शन विभाग में कार्यरत है। उनके पिता (स्वर्गीय गोविंद राम) ने लगभग सात वर्ष पूर्व गांव के ही कुछ प्रभावशालियों से करीब 30 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसके एवज में अपनी दो एकड़ कृषि भूमि गिरवी रखी थी। परिजनों का दावा है कि वे नियमित रूप से ब्याज का भुगतान कर रहे थे, लेकिन बाद में आरोपियों ने मनमाने ढंग से चक्रवृद्धि ब्याज वसूलना शुरू कर दिया। कर्ज के निरंतर तनाव के कारण पिता का स्वास्थ्य बिगड़ता गया और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया, जिसके बाद दिसंबर 2025 में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पूरे परिवार व कर्ज की जिम्मेदारी हरेन्द्र के कंधों पर आ गई।
परिजनों का आरोप है कि अप्रैल 2026 में जब उन्होंने पूरा हिसाब-किताब चुकता करने का मन बनाया, तो गांव में छह बार पंचायतें बुलाई गईं। 42 गांवों की 'तेवतिया पाल' की बड़ी पंचायत के दौरान 30 लाख रुपये के मूलधन को ब्याज सहित डेढ़ करोड़ रुपये बनाकर पेश किया गया। रकम अदा करने के लिए पीड़ित परिवार ने अपनी एक एकड़ जमीन भी बेच दी। आरोप है कि जब पैसे देने की बात आई, तो साहूकार और अधिक ब्याज की मांग पर अड़ गए। जमीन की कीमतें बढ़ने के कारण आरोपियों की नीयत में खोट आ गई और वे पूरी जमीन पर कब्जा जमाना चाहते हैं।
बलजीत ने बताया कि हरेन्द्र का विवाह महज चार महीने पहले ही हुआ था। सोमवार शाम करीब 5 बजे हरेन्द्र अपने कमरे में अकेला था। कमरे से बाहर निकलने के बाद जब मां ने कमरे में रखे गिलास से अजीब बदबू महसूस की, तब परिजनों का ध्यान उसके व्हाट्सएप पर आए वीडियो पर गया। वीडियो में हरेन्द्र जहरीला पदार्थ पीता हुआ दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही चांदहट थाना पुलिस हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी श्री भगवान के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मामला लगभग 50 लाख रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रेमराज, सोनू, हेमराज और महेश के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना व धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी हरेन्द्र को जान से मारने और गोली मारने की धमकियां दे चुके थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
Updated on:
18 Aug 2026 01:03 pm
Published on:
18 Aug 2026 01:03 pm
