7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कुत्ते पर जहर का सफल प्रयोग, फिर दिल्ली में जहरीले लड्डू खिलाकर 3 की हत्या; 550 पन्नों की चार्जशीट

Poisonous Laddu Murder Delhi: दिल्ली पुलिस ने 72 वर्षीय कमरुद्दीन बाबा के खिलाफ 550 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। आरोपी ने 'धन वर्षा' के नाम पर 3 लोगों को जहरीले लड्डू खिलाकर मार डाला था। खुलासे के मुताबिक, बाबा ने जहर का पहला सफल प्रयोग कुत्ते पर किया था।

2 min read
Google source verification
poisonous laddu murder delhi 3 killed

जहरीले लड्डू खिलाकर 3 की हत्या करने वाले के खिलाफ 550 पन्नों की चार्जशीट

Kamruddin Baba Tantrik Case: अंधविश्वास और लालच का मेल किस कदर जानलेवा हो सकता है, इसकी एक रूहानी कांपने वाली तस्वीर दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में सामने आई है। खुद को 'धन वर्षा' कराने वाला तांत्रिक बताने वाले 72 वर्षीय कमरुद्दीन बाबा उर्फ नसीरुद्दीन ने अपनी 'आसान कमाई' के लिए न केवल इंसानों का कत्ल किया, बल्कि बाकायदा जहर का 'ट्रायल' एक बेजुबान कुत्ते पर किया था। दिल्ली पुलिस द्वारा अदालत में दाखिल 550 पन्नों की इस चार्जशीट ने इस सीरियल किलर तांत्रिक के खौफनाक तौर-तरीकों की पोल खोल दी है।

कुत्ते पर ट्रायल और मौत का 'मास्टर प्लान'

पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, कमरुद्दीन ने जहर देने का तरीका अपने कथित गुरु सियाराम से सीखा था। अपनी साजिश को पुख्ता करने के लिए उसने पहली बार जहर का प्रयोग एक कुत्ते पर किया। उसने आधी सल्फास की गोली और नींद की दवा को मिलाकर एक लड्डू तैयार किया और कुत्ते को खिला दिया। कुछ ही देर में कुत्ते की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस 'सफल प्रयोग' के बाद बाबा को यकीन हो गया कि यह लोगों को मारकर पैसे लूटने का सबसे आसान रास्ता है।

2 लाख के लिए 3 कत्ल

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी वारदात किसी फिल्मी पटकथा जैसी थी। पीड़ित रणधीर सिंह, शिव नरेश और लक्ष्मी 'धन वर्षा' अनुष्ठान के जरिए अमीर बनने की उम्मीद में 2 लाख रुपए लेकर पश्चिमी दिल्ली के बापरोला से गाजियाबाद के लोनी पहुंचे थे। पूरी प्लानिंग के साथ बाबा उनकी कार में सवार हुआ और रास्ते में उन्हें प्रसाद के नाम पर जहरीले लड्डू खिला दिए। लड्डू में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाई गई थीं।

जहर का कॉकटेल

सावधानी बरतते हुए बाबा ने यह सुनिश्चित किया कि पीड़ित रास्ते भर शराब और कोल्ड ड्रिंक पीते रहें, ताकि जहर का असर किसी की पकड़ में न आए और उसकी बदबू भी छिपी रहे। जैसे ही तीनों बेहोश हुए, वह 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स की मदद से पुलिस इस आरोपी तक पहुंच सकी।

पुराना है अपराधों का कच्चा चिट्ठा

जांच में खुलासा हुआ है कि कमरुद्दीन सिर्फ इसी तिहरे हत्याकांड में शामिल नहीं था। चार्जशीट में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के एक डबल मर्डर केस का भी जिक्र है, जहां ‘धन वर्षा’ का लालच देकर दो सगे भाइयों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया था। वहीं, राजस्थान में भी इसी तरह के एक मामले में उसकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस ने 5 ऐसे गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिनसे इस ढोंगी बाबा ने तांत्रिक इलाज के नाम पर हजारों रुपये ऐंठे थे।

कमरुद्दीन बाबा पर मुख्य आरोप

दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर हत्या (IPC 302), जहरीला पदार्थ देकर नुकसान पहुंचाने और धोखाधड़ी जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी उन लोगों को अपना शिकार बनाता था जो आर्थिक तंगी या बीमारी से जूझ रहे थे और चमत्कारिक समाधान चाहते थे।