
दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान पर मकोका के तहत केस दर्ज। (फोटो सोर्सः इंस्टाग्राम)
Zoya Khan: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की तीसरी पत्नी जोया खान पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। जोया पर आरोप है कि उसने अपने पति हाशिम बाबा को दिल्ली में अपना गैंग चलाने में मदद की थी। इस मामले में जोया खान का नाम पहली बार नहीं आया है, बल्कि यह आरोप उनकी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के संदर्भ में जुड़ा है। हाशिम बाबा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है और वह कई संगीन मामलों में आरोपी है।
जोया खान की गिरफ्तारी की कहानी फरवरी 2025 से शुरू होती है। जब उसे ड्रग तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने जोया के पास से एक करोड़ की ड्रग्स बरामद की थी। जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी ने कई सवालों को जन्म दिया था। गिरफ्तारी के बाद जोया से फर्श बाजार के एक व्यवसायी और ग्रेटर कैलाश के एक जिम मालिक की हत्या के बारे में भी पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, जोया की भूमिका हाशिम बाबा के गिरोह के वित्तीय संचालन और अवैध कारोबार में प्रमुख रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि स्पेशल सेल जल्द ही जोया की हिरासत की मांग कर सकती है। ताकि उसकी भूमिका को और स्पष्ट किया जा सके। वहीं जोया खान का पति हाशिम बाबा, जो 2020 में गिरफ्तार हुआ था, वर्तमान में तिहाड़ जेल में हत्या, जबरन वसूली और अन्य गंभीर आरोपों के तहत बंद है।
हाशिम बाबा की गिरफ्तारी ने इस गैंग की आपराधिक गतिविधियों को उजागर किया। हाशिम ने 2017 में जमानत मिलने के बाद जोया से शादी की थी, और वह पहले से जानता था कि जोया का संबंध आपराधिक तत्वों से है। इसके बाद, 2023 में उसे दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में जिम मालिक नादिर शाह की हत्या के सिलसिले में तिहाड़ जेल से दोबारा गिरफ्तार किया गया। जोया खान के खिलाफ यह मकोका मामला उसकी आपराधिक गतिविधियों के संदर्भ में और भी गंभीर हो गया है। यह मामला उसकी कथित भूमिका को उजागर करता है। जहां उसने हाशिम बाबा के गिरोह के संचालन में अहम भूमिका निभाई थी।
जोया ने हाशिम बाबा के जेल जाने के बाद उसके गिरोह का संचालन संभाल लिया था। पुलिस का कहना है कि वह अपने पति के गिरोह में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर की तरह कार्य कर रही थी। हसीना पारकर को अंडरवर्ल्ड डॉन की मदद से उसकी अवैध गतिविधियों का संचालन करना आता था, ठीक वैसे ही जोया ने भी हाशिम बाबा के गिरोह के काम को संभाला। इस दौरान जोया ने जबरन वसूली और ड्रग्स सप्लाई के कारोबार को प्रबंधित किया और हाशिम के गिरोह का विस्तार किया।
जोया खान अपने शानदार जीवनशैली के लिए भी जानी जाती थी। वह हाई-प्रोफाइल पार्टियों में शामिल होती थी, महंगे कपड़े पहनती थी और लग्जरी ब्रांड्स का इस्तेमाल करती थी। उसका यह लग्जरी जीवन उसकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था, क्योंकि वह जानती थी कि उसके पति का गिरोह जो भी काम करता है, उसमें काफी पैसा होता है। अक्सर जोया तिहाड़ जेल में अपने पति से मिलने जाती थी, और वह यहां से गिरोह के संचालन के बारे में कोड भाषा में निर्देश लेती थी।
जोया का परिवार भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। उसकी मां को पिछले वर्ष सेक्स ट्रैफिकिंग गिरोह के साथ संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया था और वह अभी जमानत पर बाहर है। उसके पिता भी ड्रग्स के आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े थे, जो यह दिखाता है कि जोया का आपराधिक परिवेश बचपन से ही रहा है। जोया खुद उत्तर पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों में अपराधों का संचालन करती थी, जहां उसके पास हथियारबंद गुंडों की टोली रहती थी।
Updated on:
21 Jun 2025, 6:12 PM IST
Published on:
21 Jun 2025, 6:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.