8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘यादगार सुबह’: PM नरेंद्र मोदी से मिले राघव चड्ढा, बोले- मुलाकात में मिला मार्गदर्शन हमेशा याद रहेगा

Raghav Chadha meet pm modi: NEET पेपर लीक मामले पर चुप्पी को लेकर राघव चड्ढा ने राज्यसभा में सफाई दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष में सवाल उठाना उनकी जिम्मेदारी थी, लेकिन अब सत्ता पक्ष में रहते हुए उनका फोकस समाधान निकालने पर है।
2 min read
Google source verification
Raghav Chadha meet pm modi

PM नरेंद्र मोदी से मिले राघव चड्ढा, फोटो सोर्स- ANI

Raghav Chadha Controversy: बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक के बाद चड्ढा ने इसे काफी महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि यह उनके लिए ऐसी सुबह थी, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे। चड्ढा ने प्रधानमंत्री को समय देने और उनके अनुभव से सीखने का मौका देने के लिए आभार जताया।

PM के साथ हुई विस्तृत बातचीत

राघव चड्ढा ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का अवसर मिला और दोनों के बीच विस्तार से बातचीत हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और उनके विचारों को अपने लिए बेहद उपयोगी बताया। चड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें अपना बहुमूल्य समय दिया, जिसके लिए वह उनके आभारी हैं।

AAP छोड़कर BJP में हुए शामिल

गौरतलब है कि राघव चड्ढा ने इसी साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। उनके साथ राज्यसभा के कई अन्य सांसद भी AAP से अलग होकर बीजेपी में शामिल हुए थे। इसके बाद चड्ढा को राज्यसभा में नई जिम्मेदारी भी मिली। 20 मई से लागू समिति के पुनर्गठन के बाद उन्हें राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया।

NEET मुद्दे पर भी दे चुके हैं सफाई

हाल ही में NEET पेपर लीक मामले को लेकर राघव चड्ढा की चुप्पी पर सवाल उठे थे। लोगों ने उनसे पूछा था कि विपक्ष में रहते हुए इस मुद्दे पर खुलकर बोलने वाले चड्ढा अब इस मामले पर सार्वजनिक रूप से ज्यादा सक्रिय क्यों नहीं हैं। इस पर राज्यसभा में जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए सरकार से सवाल पूछना, मुद्दों को उठाना और जनता की समस्याओं को सदन तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी थी। हालांकि, अब वह सत्ता पक्ष का हिस्सा हैं, इसलिए उनकी भूमिका बदल गई है और उनकी प्राथमिकता केवल सवाल उठाने के बजाय समस्या का समाधान तलाशना है।

'पहले सवाल हथियार था, अब समाधान जिम्मेदारी'

चड्ढा ने कहा कि जब वह विपक्ष में बैठते थे, तब सवाल उठाना और सरकार से जवाब मांगना उनका काम था और उन्होंने यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई। लेकिन अब सत्ता पक्ष की बेंच पर बैठने के बाद उनका नजरिया और जिम्मेदारी दोनों बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि वह हर दिन कैमरे के सामने आकर किसी मुद्दे पर बयान देकर सुर्खियां बटोर सकते हैं, लेकिन उनका मकसद सिर्फ खबरों में बने रहना नहीं है। अब उनका ध्यान व्यवस्था में सुधार करने और NEET जैसे मामलों में ठोस समाधान निकालने पर है, ताकि छात्रों और उनके परिवारों को वास्तविक राहत मिल सके।