
राहुल गांधी की भाजपा को चेतावनी, फोटो सोर्स- एक्स ( rahul gandhi )
Rahul Gandhi on BJP: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकतंत्र, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आवाज दबाने वालों को एक दिन न्याय का सामना करना पड़ेगा। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कहा कि कोई भी हो, उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा।
राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से अपील की कि अगर उन्हें पुलिस की बर्बरता या गैरकानूनी हिरासत का सामना करना पड़े, तो वे घटना का पूरा रिकॉर्ड रखें। उन्होंने वीडियो और तस्वीरों को सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए कहा कि ये सबूत आगे चलकर जरूरी साबित हो सकते हैं। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को नागरिकों का अधिकार बताते हुए कहा कि इस अधिकार को किसी को भी छीनने नहीं दिया जाएगा।
बुधवार को सीजेपी के नेताओं और छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों की ओर इशारा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कहा कि उन्हें इस तस्वीर को ध्यान से देखना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि यह भारत है। यहां न कोई हिंदू है, न मुस्लिम, न जाति का भेद और न ही महिला-पुरुष का सवाल। यहां सिर्फ एक आवाज है, एक विरोध है और वह भारत की आवाज है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता की इस आवाज के खिलाफ खड़े होने से बचना चाहिए, क्योंकि कोई भी इसे दबा नहीं सकता।
राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनसे दिल से और प्यार के साथ एक बात कहना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने छात्रों से पुलिस कार्रवाई के दौरान वीडियो बनाने और सभी सबूत सुरक्षित रखने की अपील की है। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि वे घटना के वीडियो बनाकर सबूत उन्हें भी भेजें। उन्होंने कहा कि जब यह पूरा मामला खत्म होगा, तब इन सबूतों का इस्तेमाल किया जाएगा और जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए, उन्हें जवाबदेह ठहराने की कोशिश की जाएगी।
Updated on:
14 Oct 2026 04:05 pm
Published on:
14 Oct 2026 04:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
