
खुलासा: हर घंटे राजधानी में चोरी हो रही है चार गाड़ियां, चोरों के निशाने पर अधिक है बाइक
नई दिल्ली। विश्व की सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक राजधानी दिल्ली अब लगता है कि अपराधियों और वाहन चोरों का अड्डा बनता जा रहा है। यह मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि दिल्ली पुलिस की ओर से जारी किए गए आंकड़े यह बताने के लिए काफी है। दरअसल दिल्ली पुलिस की ओर से एक आंकड़ा जारी किया गया है जिसमें बताया गया है कि राजधानी दिल्ली में केवल इस वर्ष 30 जून तक वाहन चोरी के 21,298 मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि राजधानी में हर वर्ष चोरी के यह आंकड़े बढ़ते चले जा रहे हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन कोई प्रभावी कदम उठाने को तैयार नहीं है। दिल्ली में बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मालूम हो कि पुलिस की ओर से वह आंकड़े जारी किए गए हैं जो कि हर दिन थाने में दर्ज होती है। लेकिन ऐसे सैंकड़ों मामले हैं जो कि अलग-अलग कारणों से पुलिस के पास दर्ज हीं नहीं होती है।
चोरों के निशाने पर है बाइक
आपको बता दें कि पुलिस की ओर से जारी किए गए रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि चोरों के निशाने पर सबसे ज्यादा बाइक है। जारी किए गए रिपोर्ट के मुताबिक इस वर्ष 1जनवरी से 30जून तक के बीच 21,298 मामले दर्ज किए गए, जिसमें से 60 फीसदी यानी की 12,689 बाइक के मामले हैं। तो वहीं कारों की संख्यां 3,871 और स्कूटर की संख्या 3,237 है। इनके अलावे भी 7 फीसदी अन्य गाड़ियो के मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि बीते वर्ष कुल 40,972 और वर्ष 2016 में कुल 38,644 गाड़ियों के चोरी के मामले दर्ज किए गए थे।
झपटमारी और लूटपाट की वारदातों में चोरी की बाइकों का इस्तेमाल बढ़ा
आपको बता दें कि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि झपटमारी और लूटपाट की वारदातों में चोरी की बाइकों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक झपटमारी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश ही चोरी की गई गाड़ियों को खरीदते हैं और फिर किसी बड़े बारदात को अंजाम देने के लिए बाइक का इस्तेमाल करते हैं ताकि पुलिस द्वारा घिरने पर वह आसानी से बाइक छोड़कर भाग जाएं और उनकी पहचान भी न हो सके। अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में ज्यादातर लोग घर के बाहर अपने वाहन को खड़े करते हैं जिससे बदमाशों के लिए चोरी करना आसान हो जाता है।
Published on:
29 Jul 2018, 7:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.