
Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप निकल रही है। लेकिन अब लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ेगा। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम भी अपनी करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में फिर से ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आने वाली तेज रफ्तार और गलन भरी हवाओं से ठंड की वापसी हो रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही अभी सुबह और शाम की ठंड बनी रहेगी।
मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा और पंजाब में शनिवार को पश्चिम विक्षोभ के चलते दिन में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश की मानें तो 9 से 11 फरवरी तक पंजाब-हरियाणा बॉर्डर की ओर बारिश शिफ्ट होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के मौसम में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में कभी तापमान में बढ़ोतरी होगी तो कभी आसमान में बादलों के डेरे से ठंड का अहसास होगा।
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के चलते हवाएं ठंडक लेकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की ओर आ रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो सात फरवरी यानी शुक्रवार को दिल्ली में उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज हो गई है। 8 फरवरी तक इन हवाओं की रफ्तार सतही स्तर पर तेज हो जाएगी। इसके चलते सुबह के समय कंपकंपाती ठंड का अहसास होगा। हालांकि दिल्ली में 15 फरवरी तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन 10 फरवरी से ठंडी हवाएं तेज होने से ठंड में इजाफा जरूर होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल दिन में तेज धूप निकलने से ठंड का अहसास लगभग खत्म हो गया है। हालांकि सुबह हल्की धुंध जरूर छा रही है। IMD के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते कई जगहों पर धूल भी उड़ी है। बात अगर दिल्ली के प्रदूषण की करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 180 दर्ज किया गया। मौसम विभाग का ये भी कहना है कि आठ फरवरी को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हवाओं की रफ्तार भी बेहद कम हो जाएगी। इसके चलते 8 से 12 फरवरी तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री तक रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि भारी बर्फबारी होने के चलते हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश का न्यूनतम तापमान 3 से 11 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। मौसम विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा। जहां रात को तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम से ही हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। बीते दो दिनों के दौरान गोंडल में नौ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। जबकि केलांग में छह, कल्पा में 3.6 और कोठी में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश भी हो रही है।
Published on:
07 Feb 2025 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
