
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान
Summer vacations Delhi schools : दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने राजधानी के सरकारी स्कूलों के लिए गर्मियों की छुट्टियों (Summer Vacations) के आधिकारिक कैलेंडर की घोषणा कर दी है। इस साल दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं की गंभीरता को देखते हुए कुछ कक्षाओं के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं होंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, करीब डेढ़ महीने की छुट्टियों के बाद दिल्ली के सभी सरकारी स्कूल 1 जुलाई 2026 को दोबारा खुलेंगे। यह छुट्टियां छात्रों को भीषण गर्मी से राहत देने और शैक्षणिक सत्र के बीच में एक जरूरी ब्रेक देने के उद्देश्य से घोषित की गई हैं।
छुट्टियों की घोषणा के बावजूद कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन और शैक्षणिक सुधार सुनिश्चित करने के लिए इन कक्षाओं के छात्रों के लिए 11 मई से 23 मई तक विशेष रिमेडियल कक्षाएं (Remedial Classes) आयोजित की जाएंगी। छात्रों के कमजोर विषयों पर ध्यान देना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करना। यह कक्षाएं केवल 13 दिनों के लिए संचालित होंगी, जिसके बाद इन छात्रों को भी छुट्टियों का लाभ मिल सकेगा।
छुट्टियों के दौरान शिक्षकों को भी कुछ विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि 1 जुलाई से स्कूल खुलने पर सुचारू रूप से पढ़ाई शुरू की जा सके। साथ ही, रिमेडियल कक्षाओं के लिए शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। दिल्ली सरकार का मुख्य फोकस इस बार 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में सुधार लाना है, यही वजह है कि गर्मियों की छुट्टियों के बीच भी पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा जा रहा है।
जारी सर्कुलर के मुताबिक कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं 11 मई, सोमवार से शुरू होंगी और 23 मई तक चलेंगी। इस दौरान शिक्षकों की ड्यूटी सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक रहेगी, जबकि छात्रों को सुबह 7:30 बजे स्कूल पहुंचना होगा। एक्स्ट्रा क्लास में एक-एक घंटे के तीन पीरियड आयोजित किए जाएंगे। 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए गणित और विज्ञान विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विषयों का चयन स्कूल प्रमुख जरूरत के आधार पर करेंगे।
दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों का इंफ्रास्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का फैसला लिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के उत्तरी दिल्ली के रूपनगर स्थित एक सरकारी स्कूल के निरीक्षण के बाद लिया गया, जहां उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं की कमी मिली। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से पीने के पानी, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई, गर्मी से राहत और पढ़ाई की व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Updated on:
08 May 2026 06:12 pm
Published on:
08 May 2026 05:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
