
हुआ मोइत्रा फ्लाइट विवाद पर आप सांसद संजय सिंह ने दी प्रतिक्रिया (सोर्स-IANS)
Mahua Moitra viral video: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के साथ फ्लाइट में हुई बदसलूकी का मामला अब बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। इस घटना को लेकर विपक्ष बीजेपी पर जमकर निशाना साध रहा है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे बीजेपी का घमंड और गुंडागर्दी बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है, वहीं विपक्ष इसे महिला सांसद की सुरक्षा से जोड़कर सवाल उठा रहा है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने पोस्ट में लिखा कि देश में कैसी गुंडागर्दी चल रही है? टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के साथ जो अभद्रता हुई, उससे साफ दिखाई दे रहा है कि BJP का अहंकार चरम पर पहुंच गया है। साथ ही उन्होंने बीजेपी समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता का घमंड ज्यादा दिन नहीं चलता और चुनाव जीतने के बाद इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। उन्होंने लिखा कि जब रावण का घमंड नहीं चला तो तुम्हारा भी नहीं चलेगा।
पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से सांसद महुआ ने बताया कि वह रक्षा संबंधी संसदीय समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रही थीं। उन्होंने कहा कि वह इंडिगो की फ्लाइट 6E-719 में सीट 1F पर बैठी थीं। तभी चार-पांच लोग फ्लाइट में आए और उन्हें घूरते हुए पीछे जाकर बैठ गए। महुआ के अनुसार, फ्लाइट उतरने के बाद और दरवाजे खुलने से पहले उन लोगों ने “टीएमसी चोर-चोर” और “जय श्री राम” के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लोगों का गुस्सा नहीं था, बल्कि उन्हें परेशान करने की कोशिश थी। महुआ ने आरोप लगाया कि फ्लाइट के अंदर जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया गया और साथ ही सुरक्षा नियमों का भी उल्लंघन हुआ।
महुआ ने कहा कि पहले उन्होंने इस पूरे मामले को ज्यादा महत्व नहीं दिया और सीधे अपनी मीटिंग में चली गईं। लेकिन बाद में जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगा और लोगों ने उन्हें क्लिप भेजीं, तब उन्होंने खुलकर विरोध किया। महुआ ने कहा, “मैंने पहले इसे नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद आवाज उठाई।” टीएमसी सांसद ने कहा कि वह एयरलाइन कंपनी को इस मामले की औपचारिक शिकायत भी भेजेंगी। बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Published on:
08 May 2026 12:47 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
