8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट सिर्फ 20 मिनट में! NCR की ट्रैफिक टेंशन खत्म करेगा नया एक्सप्रेसवे

Faridabad Jewar Expressway: फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट का सफर अब सिर्फ 20 मिनट में पूरा हो सकेगा। नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे NCR की कनेक्टिविटी और ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला है।

2 min read
Google source verification
Faridabad Jewar Expressway

फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट जाना सिर्फ 20 मिनट में होगा संभव (सोर्स-AI)

Faridabad Jewar Expressway: दिल्ली-NCR के लोगों को आने वाले समय में ट्रैफिक और लंबे सफर से बड़ी राहत मिलने वाली है। फरीदाबाद को सीधे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसलवे 31 किलोमीटर लंबा होने वाला है। एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद फरीदाबाद से एयरपोर्ट तक का सफर सिर्फ 15 से 20 मिनट में पूरा हो सकेगा। फिलहाल लोगों को इस रूट पर काफी समय लग जाता है, लेकिन इस नई सड़क के बनने से यात्रा तेज और आसान हो जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 2414 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इससे NCR की कनेक्टिविटी और ट्रैवल सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

2027 तक काम हो जाएगा पूरा

NHAI ने इस एक्सप्रेसवे को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके कुछ हिस्सों को उससे पहले भी लोगों के लिए खोला जा सकता है। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अब तक करीब 1,200 पिलर तैयार किए जा चुके हैं। यमुना नदी पर गार्डर लगाने का काम भी जारी है, जो एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के लिए काफी अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि काम तय समय के हिसाब से आगे बढ़ रहा है।

आठ लेन तक बढ़ाने की तैयारी

इस नए एक्सप्रेसवे को शुरुआत में 6 लेन के साथ बनाया जा रहा है, लेकिन इसका डिजाइन ऐसा रखा गया है कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे 8 लेन तक बढ़ाया जा सके। बढ़ते ट्रैफिक और जेवर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए यह योजना बनाई गई है। यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद सेक्टर-65 के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड से शुरू होगा और जेवर एयरपोर्ट के पास दयानतपुर गांव तक जाएगा।

हरियाणा और यूपी के कई गांवों को मिलेगा फायदा

यह एक्सप्रेसवे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई गांवों से होकर गुजरेगा। इसका करीब 22 से 24 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में बनेगा, जबकि बाकी हिस्सा यूपी में होगा। हरियाणा के शाहपुर, सोतई, चंदावली, बहबलपुर और मोहना जैसे गांवों को इससे सीधा फायदा मिलेगा। वहीं यूपी के झुप्पा, अमरपुर और वल्लभनगर जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।