6 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार को फिर झटका, सागर धनखड़ हत्याकांड में हाई कोर्ट ने नहीं दी जमानत

Wrestler Sushil Kumar Latest News: सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार 2021 से इस मामले में चर्चा में हैं।
2 min read
Google source verification
Wrestler Sushil Kumar

दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद पहलवान सुशील कुमार की मुश्किलें बरकरार। (फोटो सोर्स- IANS)

Sagar Dhankar Murder Case: देश के मशहूर पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। अब सुशील कुमार को इस मामले में फिलहाल जेल में ही रहना होगा।

सुशील कुमार ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। उन्होंने कोर्ट से राहत देने की मांग की थी, लेकिन हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी याचिका स्वीकार नहीं की।

यह मामला साल 2021 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुई पहलवान सागर धनखड़ की मौत से जुड़ा है। आरोप है कि 4 और 5 मई 2021 की रात सागर धनखड़ और उनके कुछ साथियों को स्टेडियम परिसर में लाया गया था। वहां उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें सागर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पहलवान सुशील कुमार को मुख्य आरोपियों में शामिल किया। पुलिस की स्पेशल सेल ने 23 मई 2021 को सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में बंद हैं।

इस मामले में अदालत पहले ही सुशील कुमार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश रचने, धमकी देने और हथियारों से जुड़े आरोप तय कर चुकी है। हालांकि, साल 2023 में घुटने की सर्जरी के लिए उन्हें कुछ दिनों की अंतरिम जमानत मिली थी।

सुशील कुमार कभी भारत के सबसे सफल और चर्चित पहलवानों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक और 2012 लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतकर देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया था। वह भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने ओलंपिक में लगातार दो बार पदक हासिल किए।

हालांकि, सागर धनखड़ हत्याकांड में नाम आने के बाद उनकी जिंदगी और खेल कॅरियर की दिशा बदल गई। इस मामले के बाद उनकी छवि को बड़ा झटका लगा। अब दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें बरकरार हैं और आगे होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सुशील कुमार को अब इस मामले में अपनी कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखनी होगी।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग