
वायरल वीडियो में चलती ट्रेन के अंदर पूजा-पाठ
हनीमून कोच के वायरल होने के बाद अब भारतीय रेलवे का एक और अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए वीडियो में एक पुजारी कोच के फर्श पर बैठकर पूजा-पाठ करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ कई श्रद्धालु, जिनमें अधिकांश सफेद कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं, धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हैं। चलती ट्रेन में इस तरह पूजा-अर्चना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या ट्रेन के कोच के अंदर धार्मिक अनुष्ठान की अनुमति है।
वीडियो वायरल होने के बाद नॉर्दर्न रेलवे ने इस पर सफाई देते हुए बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान किसी सामान्य यात्री कोच में नहीं, बल्कि एक निजी तौर पर बुक की गई सैलून कार में किया गया था। रेलवे के अनुसार, यह सैलून कार IRCTC के माध्यम से कमर्शियल बुकिंग के तहत आवंटित की गई थी।
नॉर्दर्न रेलवे ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर जानकारी देते हुए बताया कि सैलून कार की बुकिंग 8 जुलाई 2026 को IRCTC के माध्यम से की गई थी। रेलवे के अनुसार, संबंधित पार्टी ने कमर्शियल बुकिंग के तहत ₹3,08,580 का अग्रिम भुगतान किया था। इस सैलून कार को 10 जुलाई 2026 को नई दिल्ली (NDLS) से मुंबई (BDTS) तक जाने वाली ट्रेन संख्या 12926 पश्चिम एक्सप्रेस के साथ एकतरफा यात्रा के लिए जोड़ा गया था।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन संचालन से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि समय की पाबंदी, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे ने यह भी बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में पूजा-अर्चना कराते हुए दिखाई दे रहे पुजारी निजी तौर पर बुक की गई सैलून कार के अंदर आयोजित धार्मिक समारोह का हिस्सा थे, न कि किसी सामान्य यात्री कोच में।
नॉर्दर्न रेलवे ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बताया कि सैलून कार एक निजी और लग्जरी रेल कोच होती है, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों और वीआईपी यात्रियों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस कोच में एयर कंडीशंड बेडरूम, किचनेट (छोटी रसोई), लिविंग और डाइनिंग एरिया, अटैच्ड वॉशरूम समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।
Updated on:
13 Jul 2026 08:38 am
Published on:
13 Jul 2026 08:31 am
