22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गूगल पर विवेकानंद मार्ग आता है…भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने दिल्ली में सड़क का नाम बदलने की बताई वजह

Road Name Change in Delhi: दिल्ली में केंद्रीय मंत्री कृष्‍णपाल सिंह गुर्जर और भाजपा सांसद दिनेश शर्मा के घर का पता तुगलक रोड की जगह विवेकानंद मार्ग हो गया है। भाजपा सांसद ने सड़क का नाम बदलने की वजह बताई है।

3 min read
Google source verification
Road Name Change in Delhi: गूगल पर विवेकानंद मार्ग आता है…भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने दिल्ली में सड़क का नाम बदलने की बताई वजह

Road Name Change in Delhi: दिल्ली में केंद्रीय मंत्री कृष्‍णपाल सिंह गुर्जर और भाजपा सांसद दिनेश शर्मा को तुगलक लेन में नया सरकारी आवास आवंटित हुआ है। इसके साथ ही दोनों नेताओं के नए सरकारी आवास में सड़क का नाम बदलकर लिखा गया है। दोनों नेताओं के घर के बाहर लगी नेम प्लेट में तुगलक लेन की बजाय विवेकानंद मार्ग पते के रूप में लिखा गया है। दोनों नेताओं के घर के बाहर शुक्रवार को नई नेमप्लेट लगाई गई। इसकी जानकारी सामने आते ही माना गया कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद इलाकों के नाम बदलने शुरू हो गए हैं। इसकी शुरुआत तुगलक लेन सड़क से की गई है। हालांकि भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने घर के पते की जगह तुगलक लेन के बजाय विवेकानंद मार्ग लिखने की वजह अलग ही बताई है।

दिनेश शर्मा ने बताया बोर्ड पर क्यों लिखा गया स्वामी विवेकानंद मार्ग

शुक्रवार को भाजपा सांसद दिनेश शर्मा के घर के पते पर तुगलक लेन की जगह विवेकानंद मार्ग लिखने को लेकर दिनेश शर्मा ने स्थिति स्पष्ट की है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ले सफाई देते हुए कहा “यह सामान्य प्रक्रिया है कि जब कोई किसी घर में जाता है तो नाम पट्टिका लगा दी जाती है। मैं वहां नहीं गया था, मैंने नहीं देखा था, जब मुझसे उससे संबंधित लोगों ने पूछा कि किस तरह की नाम पट्टिका होनी चाहिए तो मैंने कहा कि आसपास के हिसाब से होनी चाहिए। आस-पास के घरों पर विवेकानंद मार्ग लिखा था और नीचे तुगलक लेन लिखा था, दोनों एक साथ लिखे थे।”

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने दिया ये तर्क

दिनेश शर्मा ने कहा “नेमप्लेट पर आज भी तुगलक लेन लिखा है और सुविधा के लिए विवेकानंद मार्ग लिख दिया है। मैंने कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि गूगल पर वह स्थान विवेकानंद रोड आता है, ऐसा इसलिए लिखा है ताकि लोगों को विवेकानंद रोड और तुगलक लेन में भ्रम न हो। मैं जानता हूं कि सांसद को सड़क का नाम बदलने का अधिकार नहीं है। ये राज्य सरकार और नगर निकाय का काम है। इसके लिए एक प्रक्रिया होती है। मुझे इसे बदलने का न अधिकार था न है। न मैंने किया है। सामान्य प्रक्रिया में पेंटर ने वही नाम लिखा होगा जो आस-पास के घरों पर लिखा था, इसका मतलब यह नहीं है कि मैंने कोई स्थान(का नाम) बदला है।”

यह भी पढ़ें : कौन हैं विष्‍णु गुप्ता? जिन्होंने औरंगजेब की कब्र खोदने के लिए गृह मंत्रालय को लिखा पत्र, महाराष्ट्र से राजस्‍थान तक छिड़ी बहस

केंद्रीय मंत्री कृष्‍ण्पाल गुर्जर ने भी बदला नाम

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को दिल्ली के तुगलक लेन में सरकारी आवास आवंटित किया गया है। उन्होंने भी अपने घर पर लगी नेमप्लेट में तुगलक लेन की बजाय स्वामी विवेकानंद मार्ग लिखवा लिया है। शुक्रवार को लगाई गई नई नेम प्लेट में उनके घर का पता तुगलक लेन नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद मार्ग बताया गया है। भाजपा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर लिखा “आज नई दिल्ली स्थित नए आवास स्वामी विवेकानंद मार्ग (तुगलक लेन) में सपरिवार विधि विधानपूर्वक, पूजन-अर्चन कर गृह प्रवेश किया।” इसके साथ ही उन्होंने तस्वीरें भी शेयर की थीं। जिसमें से एक में पते के तौर पर स्वामी विवेकानंद मार्ग लिखा दिखता है।

नजफगढ़ और मोहम्मदपुर का नाम बदलने की हो चुकी है मांग

दरअसल, बीते दिनों दिल्ली के विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायकों ने प्रस्ताव रखा था कि नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ कर दिया जाए। इसके अलावा मोहम्मदपुर गांव का नाम माधवपुरम किया जाए और मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी कर दिया जाए। दिल्ली विधानसभा में उठाई गई इस मांग के इस बीच लुटियन दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और सांसद ने खुद ही अपने नेम प्लेट में नया नाम लिख दिया। हालांकि तुगलक लेन नाम भी हटाया नहीं गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा ने अपने विधायकों की मांगों पर ध्यान देते हुए इस दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इसकी शुरुआत केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद के आवास से की जा चुकी है। हालांकि भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने इससे इनकार किया है।