
AI photo
Delhi Crime News: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, यहां पर एक 26 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी के घर के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दीपांश चौधरी के रूप में हुई है। शुरुआती दौर में स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई थी कि पत्नी और सास ने मिलकर युवक को जिंदा जलाया है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इन तमाम दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ किया है कि यह आत्मदाह (Self-immolation) का मामला है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार (18 मई 2026) की देर रात जहांगीरपुरी के 'ए ब्लॉक' से महेंद्र पार्क थाने को एक पीसीआर (PCR) कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहाँ दीपांश बेहद गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में मिला। वहीं, इस घटना को लेकर पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने देर रात घर के बाहर एक युवक को आग की लपटों में घिरा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने उसे आनन-फानन में बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपांश और महिला की मुलाकात पिछले साल हुई थी। उस दौरान दीपांश ने खुद को एक बड़ा सरकारी अधिकारी बताया था, लेकिन बाद में महिला को पता चला कि वह असल में कैब ड्राइवर है।
सच सामने आने के बाद महिला ने शादी से इनकार कर दिया था। आरोप है कि दीपांश ने उसके निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिसके दबाव में महिला को शादी के लिए मजबूर होना पड़ा।
दोनों की शादी इसी साल जनवरी में हुई थी, लेकिन महज दो दिन बाद ही महिला ने दीपांश पर मारपीट और शारीरिक शोषण के आरोप लगाए और ससुराल छोड़कर मायके चली गई। इसके बाद महिला ने महिलाओं के खिलाफ अपराध सेल (CAW Cell) में शिकायत दर्ज कराई और तलाक की मांग की, जबकि दीपांश लगातार समझौते की कोशिश कर रहा था।
घटना वाले दिन सोमवार को दीपांश अपनी पत्नी को मनाने उसके मायके पहुंचा था। वहाँ दोनों के बीच काफी तीखी बहस हुई। जब पत्नी ने किसी भी कीमत पर साथ रहने से मना कर दिया और तलाक की बात दोहराई, तो दीपांश अपना आपा खो बैठा। उसने पहले घर के बाहर रखी फिनाइल पी ली और फिर खुद को आग के हवाले कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया,'सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह अफवाह उड़ाई जा रही है कि पत्नी और सास ने मिलकर दीपांश को जलाया है, जो कि पूरी तरह बेबुनियाद है। चश्मदीदों और शुरुआती जांच से साफ है कि यह घरेलू कलह और मानसिक तनाव के कारण किया गया आत्मदाह का मामला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'
Published on:
19 May 2026 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
