
जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती (फोटो- IANS)
Jasprit Bumran-Varun Chakravarthy in IPL 2026: आईपीएल 2026 दो गेंदबाजों के लिए यादगार बन गया, जहां उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ डेब्यू किया और अपने पहले ही मुकाबले में गदर मचा दिया। साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग लाइनअप को ध्वस्त कर दिया। इन दोनों गेंदबाजों को रातों-रात दुनिया पहचानने लगी। लेकिन इसी टूर्नामेंट में दो गेंदबाज ऐसे भी हैं, जिन्होंने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्ड कप का विश्व चैंपियन बनाया था, लेकिन वे दोनों गेंदबाज अब तक एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं।
आपको बता दें कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका ने मिलकर की थी, जहां भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज कर तीसरी बार ट्रॉफी उठाई। इस टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर 28 विकेट चटकाए थे। बुमराह ने 14 विकेट हासिल किए थे, तो वहीं वरुण चक्रवर्ती को भी 14 विकेट मिले थे।
लेकिन 20 दिन बाद ही भारतीय सरजमीं पर खेले जा रहे आईपीएल में दोनों गेंदबाज अब तक विकेटलेस रहे हैं। वरुण चक्रवर्ती ने आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला, जहां उन्होंने 48 रन दिए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद 2 अप्रैल को वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरे और उस मुकाबले में भी वह खाली हाथ लौटे। इसके बाद वह पिछले दो मैचों में तबीयत खराब होने की वजह से नहीं खेल सके। आज दोबारा प्लेइंग इलेवन में उनकी वापसी हुई, लेकिन उन्हें आज भी विकेट नहीं मिला।
कुछ ऐसा ही हाल जसप्रीत बुमराह का रहा है, जो पिछले चार मैचों से विकेटलेस हैं। बुमराह ने अपना आखिरी मुकाबला अपने होम ग्राउंड मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला था। इस मैच में आरसीबी के टॉप-3 बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी की और टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रन बनाए। इस दौरान बुमराह ने मुंबई इंडियंस के सबसे किफायती गेंदबाज तो रहे, लेकिन उन्हें इस मुकाबले में भी विकेट नहीं मिला। चार ओवर में 35 रन देने वाले बुमराह खाली हाथ लौटे और ये हाल उनका पिछले 3 मैचों से चला आ रहा है।
आपको बता दें कि केकेआर के खिलाफ इस आईपीएल 2026 का पहला मैच खेलने वाले बुमराह ने दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी गेंदबाजी की, लेकिन चारों मैचों में अब तक एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए। हालांकि, 8 मार्च को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए थे, लेकिन इसके बाद खेले गए चार आईपीएल मैचों में जसप्रीत बुमराह एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए।
Updated on:
14 Apr 2026 10:56 pm
Published on:
14 Apr 2026 10:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
IPL 2026
