
सीएम भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका)
अलवर। भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का अलवर कलेक्ट्रेट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर के लाभार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत करोड़ों रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की।
कार्यक्रम के तहत जिले में भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत अलवर जिले के करीब 2.28 लाख लाभार्थियों के खातों में लगभग 89 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इसके अलावा पालनहार योजना के तहत 18 हजार से अधिक लाभार्थियों को 2.25 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। यह राशि सीधे खातों में पहुंचने से पात्र परिवारों को त्वरित राहत मिली।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर से एक बटन दबाकर पूरे प्रदेश में करीब 80 लाख पेंशनभोगियों और 5.54 लाख पालनहार लाभार्थियों के खातों में कुल 1363 करोड़ रुपए की सहायता राशि ट्रांसफर की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग का कल्याण है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर अलवर जिले को भी एक अहम सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय स्तर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं के लिए बनने वाले छात्रावास का वर्चुअल शिलान्यास किया। इससे क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी और उनकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, एडीएम प्रथम बीना महावर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह तथा बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रविकांत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ ही लाभार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
दूसरी तरफ जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समारोह में डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डीप्टी सीएम ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन समानता, न्याय और अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारतीय संविधान की वैश्विक पहचान है।
Published on:
14 Apr 2026 10:35 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
