
bjp mla pritam lodhi notice threatens ips officer
BJP MLA Pritam Lodhi: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी (BJP MLA Pritam Lodhi) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रीतम लोधी के द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ को धमकाने के मामले में IPS एसोसिएशन (ips association) के मैदान में उतरने के एक दिन बाद अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें नोटिस जारी किया है। बता दें कि IPS एसोसिएशन ने पत्र लिखकर विधायक प्रीतम लोधी की भाषा को अशोभनीय और अमर्यादित बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के द्वारा लगातार की जा रही बयानबाजी पर एक तरफ जहां प्रदेश की सियासत गर्माई हुई है वहीं दूसरी तरफ अब प्रीतम लोधी की बयानबाजी से बीजेपी आलाकमान भी नाराज नजर आ रहा है। मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रीतम लोधी को नोटिस जारी किया है नोटिस में लिखा है- विगत दिनों आपके द्वारा जो आचरण किया गया है वो अत्यंत आपत्तिजनक है। आपके द्वारा किया गया आचरण पार्टी के अनुशासन के अनुरूप नहीं है, अत: तीन दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण दें अन्यथा आपके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के एक के बाद एक तीन वीडियो सामने आए हैं जिनमें वो SDOP को धमकाते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में धमकाते हुए कह रहे हैं कि करैरा क्या तुम्हारे डैडी का है जबकि दूसरे में कह रहे हैं कि, 'मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, लेकिन अब ढाई सौ किलो का हो गया है, इसकी (एसपी, एसडीओपी) बेचैनी दूर कर दूंगा।'प्रीतम लोधी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे ये भी कहा कि, '10 हजार लोगों को ले जाकर एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर दूंगा।' साथ ही, उन्होंने शिवपुरी एसपी से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि, बताए दिल्ली से इनको कौन चला रहा है? कौन फरमान दे रहा है? मोदी, अमितशाह या सिंधिया? उन्होंने नए वीडियो में शिवपुरी पुलिस को भी 15 दिन की खुली चुनौती दी है।'
करैरा थाना अंतर्गत तहसील के पास 16 अप्रैल को पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने तेजी व लापरवाही से थार गाड़ी चलाते हुए 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। घटना के बाद आरोपी दिनेश लोधी ने घायलों को धमकाया भी था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में वो घायलों से कह रहा था कि उसने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे। उसने तब बाइक सवारों से यह भी पूछा था कि वो तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी को थाने में तलब किया था और गाड़ी पर हूटर व विधायक नेम प्लेट लगी होने के साथ ही शीशों पर काली फिल्म लगी होने के कारण चालानी कार्रवाई की थी।
Updated on:
22 Apr 2026 06:21 pm
Published on:
22 Apr 2026 06:20 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
