
विधायक प्रीतम लोधी के धमकी भरे वीडियो पर सियासत (Photo Source- Patrika)
MLA Pritam Lodhi :मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा-पिछोर विधानसभा से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी द्वारा एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकियां देते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में अब प्रदेश की सियासत गर्माने लगी है। भाजपा विधायक पर कांग्रेस पार्टी द्वारा सियासी हमले शुरु हो गए हैं। मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से विधायक के जरिए सरकार और गृहमंत्री पर भी सियासी निशाना साधा है। कांग्रेस ने इसे नया भारत में सत्ता के नशे में चूर बीजेपी नेता का कृत्य ठहराया है।
भाजपा विधायक प्रीतम लोधी द्वारा एसडीओपी को दी गई धमकी भरे वीडियो को साझा करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अंग्रेजी भाषा में लिखा, जिसका अनुवाद है- '20 साल से भाजपा को सर आंखों पर बिठाने वाली जनता को भाजपा विधायक पुत्र सरेआम रौंद रहे हैं और विधायक पुलिस IPS से कह रहे हैं। मेरा बेटा करेरा आएगा, चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना! हमारा इतिहास भी देख लेना, अपनी औकात में रहो! आज जनता के सामने भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा स्पष्ट रूप से सामने है।'
बता दें कि पांच लोगों पर थार चढ़ाने की घटना में पहले 'जनता सर्वोपरि' कहकर बेटे पर कार्रवाई की मांग करने वाले बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का पुत्र मोह जाग गया है। वो अब अपने बेटे को बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों को धमकाने से भी नहीं चूक रहे हैं। सामने आया भाजपा विधायक का पहला वीडियो एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार का है, जिसमें वो SDOP आयुष जाखड़ से पूछते नजर आ रहे हैं कि, क्या करैरा उनके (SDOP) के डैडी का है? उनका बेटा करैरा आएगा भी और यहां से चुनाव भी लड़ेगा।
भाजपा विधायक ने यहीं बस नहीं किया। अगले दिन उनका एक नया वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी हुआ, जिसमें वो न सिर्फ एसडीओपी को धमकी देते हुए कह रहे हैं कि, '10 हजार लोगों को लेकर जाउंगा और उनके बंगले में गोबर भर दूंगा।' साथ ही, शिवपुरी एसपी से सवाल करते नजर आ रहे हैं कि, 'ये दिल्ली में किसके निर्देश पर किया जा रहा है।'
हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में एक बिना नंबर वाली महिंद्रा थार, जिस पर 'भाजपा विधायक' और प्रीतम लोधी का नाम लिखा था। 3 बाइक सवारों के साथ साथ 2 युवतियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। आरोप है कि, वाहन विधायक का बेटा दिनेश लोधी चला रहा था। इस मामले में मौके पर दिनेश द्वारा धमकाने के वीडियो भी सामने आया था। विधायक लोधी का तर्क है कि, ये एक 'दुर्घटना' थी, जिसे विपक्ष और कुछ पुलिस अधिकारी राजनीतिक साजिश का रूप दे रहे हैं।
Updated on:
21 Apr 2026 01:40 pm
Published on:
21 Apr 2026 01:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
