14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ये कैसी प्राथमिकता वाला रोड… न स्टेट के बजट में किया शामिल, न केबिनेट में लिया निर्णय

-खंडवा-मूंदी रोड को लेकर 4 साल से एक ही जुमला, जल्द बनेगा रोड -75 करोड़ से बढकऱ लागत 193 करोड़ तक पहुंची, फिर भी निर्माण के लिए इंतजार -प्रभारी मंत्री, विधायकों ने फिर दोहराई वही बात, जल्द शुरू कराएंगे काम

2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

May 14, 2026

khandwa mundi road

खंडवा. जर्जर हाल में खंडवा-मूंदी रोड।

दो विधानसभा के बीच पडऩे वाले 32.6 किमी के खंडवा-मूंदी रोड की किस्मत पर ग्रहण लगा नजर आ रहा है। कहने को ये रोड प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में बताया जा रहा है, लेकिन पहले राज्य सरकार के बजट में इसके लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई। अब हाल ही में केबिनेट की बैठक में भी प्रदेश की सडक़ों के लिए 6900 करोड़ का प्रावधान किया, जिसमें खंडवा-मूंदी रोड का कहीं भी नाम नहीं है। सिर्फ नेताओं के आश्वासनों में ही रोड बन रहा है।

सरकार ने भुला दिया खंडवा-मूंदी मार्ग
वर्षों से जर्जर हो चुके खंडवा-मूंदी रोड पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो रहा है। पिछले चार साल से तो इस रोड पर सफर करने वालों सहित आमजन एक ही जुमला सुनते आ रहे है कि रोड हमारी प्राथमिकता में है और जल्द ही बनेगा। ये प्राथमिकता कब पूरी होगी यह भी एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है। फरवरी में राज्य सरकार के बजट में खंडवा जिले में सडक़ों के लिए करीब 250 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन इसमें खंडवा-मूंदी रोड शामिल नहीं था। अब केबिनेट की बैठक में हुए अहम निर्णयों में भी खंडवा-मूंदी रोड को भुला दिया गया।

दो विभागों के झगड़े में अटका रोड
खंडवा-मूंदी मार्ग के लिए लंबे समय से कवायद चल रही है। वर्ष 2024 में इसके लिए 75.60 करोड़ का बजट भी रखा गया था। ये रोड एमपीआरडीसी द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से बनाया जाना था। रोड के लिए एमपीआरडीसी के साथ पीडब्ल्यूडी द्वारा भी भागीदारी की जानी थी। मांधाता विधायक की मानें तो एमपीआरडीसी और पीडब्लयूडी के बीच खींचतान के चलते रोड का काम अटक गया, जो आज तक भी आगे नहीं बढ़ पाया है।

रोड का बजट भी डेढ़ गुणा हो गया
समय के साथ खंडवा मूंदी रोड का बजट भी सुरसा के मुंह की तरह बढ़ता चला रहा है। तीन साल पहले रोड का बजट 75.60 करोड़ था, जो 2025 में 153 करोड़ तक पहुंच गया। इसी साल इसका बजट 188 करोड़ रुपए बताते हुए डीपीआर तैयार करने की बात भी जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई। अब मांधाता विधायक नारायण पटेल के अनुसार खंडवा-मूंदी रोड के लिए 193 करोड़ की डीपीआर तैयार की जा रही है।

रोड स्वीकृत हो चुका है
खंडवा-मूंदी मार्ग स्वीकृत हो चुका है। इसका काम जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके लिए मुख्यमंत्री से भी बात हो चुकी है। सिंहस्थ से पहले रोड तैयार हो जाएगा।
धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रभारी मंत्री

स्टेट कमेटी में रखा प्रस्ताव
खंडवा-मूंदी रोड को स्टेट कमेटी ने ले लिया है। इसका प्रस्ताव बनाकर डीपीआर भी तैयार की जा रही है। पीडब्ल्यूडी मंत्री स्वयं इस मामले को देख रहे है। जल्द इसका निर्माण शुरू होगा।
नारायण पटेल, विधायक मांधाता

जुमलों में बन रहा रोड
सीएम कई बार इसके लिए घोषणा कर चुके हैं, लेकिन सिर्फ जुमलों में ही रोड बन रहा है। खंडवा, मांधाता विधायक और सांसद भी मिलकर एक रोड तक नहीं बनवा पा रहे है। कभी एशियन बैंक, कभी एमपीआरडीसी, कभी पीडब्ल्यूडी के नाम पर जनता को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है।
उत्तमपाल सिंह, जिलाध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस

बड़ी खबरें

View All

खंडवा

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग