
रतनगढ़. पुलिस ने मेगा हाईवे पर २० किमी दूर सरदारशहर की तरफ एक कार से सात किलो अफीम जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी राणीदान ने बताया कि कार में सवार दो युवक सात किलो अफीम लेकर चित्तौडग़ढ़ से पंजाब जा रहे थे। इस दौरान मेगा हाईवे पर मालासर टोल नाके से पहले वाहनों की जांच की जा रही थी। युवकों पर संदेह होने पर एसआई सुरतान सिंह ने कार की तलाशी ली। तो कार में पीछे की सीट के नीचे छिपाकर प्लास्टिक की थैलियों में सात किलो अफीम रखी मिली। पुलिस ने अफीम व कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त अफीम का बाजार मूल्य करीब 10 लाख बताया जा रहा है। पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार चितौडग़ढ़ जिले के बेगंू निवासी प्रदीप कुमार व पारसूली निवासी कालू को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी। दोनों आरोपियों ने उक्त अफीम चितौडग़ढ़ से पंजाब ले जाने की बात कबूल कर ली। मगर पूछताछ के दौरान आरोपी स्वयं को कभी ट्रांसपोर्ट कारोबारी बता रहे हैं। तो कभी कहते हैं कि उन्हें अफीम की तस्करी के बदले मामूली रकम मिलती है। वे किसी अन्य के लिए काम करते हैं। पुलिस आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पकड़े जा चुके हैं पोस्त तस्कर
पंजाब सहित अन्य राज्यों में शराब व पोस्त तस्करी करने वालों के लिए ये रास्ता सबसे मुफीद साबित हो रहा है। इससे पहले भी पुलिस इस रास्ते पर कईआरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे तस्करी कर ले जाईजा रही शराब व डोडा-पोस्त जब्त कर चुकी है।
रतनगढ़ में अब तक बड़ी कार्रवाई
– ५ मई २०१८ को रतलाम से गुरुदासपुर जा रही कार की जांच कर उसमें रखा ५८ किलो डोडा पोस्त जब्त किया था। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
– १३ जुलाई २०१८ को नीमच से मोगा पंजाब जा जा रही कार की जांच में ने २८१ किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।